चंडीगढ़ | हरियाणा में पिछले महीने की शुरुआत भारी गर्मी के साथ हुई थी और पूरा महीना चमचमाती धूप की तपिश में निकल गया, लेकिन अप्रैल महीने में सूरज के तेवर इस बार नरम दिखाई दे रहे है. आसमान में छाई बादलवाई के कारण धूप कम निकलती है. IMD के अनुसार इस पूरे महीने मौसम में भारी बदलाव देखने को मिलने की संभावना है, क्योंकि लगातार 7 पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे है. इसके प्रभाव से राज्य में बार- बार आंधी आर बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती है.
मार्च महीने में एक के बाद एक हुए पश्चिमी विक्षोभ से राज्य में सामान्य से अधिक बारिश हुई है. मौसम विभाग के आंकडों की माने तो हरियाणा में 19% अधिक बारिश दर्ज की गई है. प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश रोहतक और रेवाड़ी जिले में दर्ज की गई है. वही सबसे कम बारिश सिरसा और जींद में दर्ज की गई है.
हरियाणा में मौसम ने मचाई तबाही
बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि से खेतों में पकी खड़ी गेहूं की बालियों को भारी नुकसान हुआ है, क्योंकि गेहूं की बालियां तेज हवा और ओलो की चपेट से जमीन पर बिखर गई. इससे किसानों के गेहूं उत्पादन पर विपरीत प्रभाव पड़ा है. इस तरह बिना मौसम के बारिश होना किसानों की चिंता का विषय बन गई है. आने वाले दिनों में भी लगातार तेज बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है, जिससे किसानों की समस्या ओर बढ़ने वाली है. किसानों को सलाह है कि मौसम के बदलाव को देखते हुए गेहूं की कटाई शुरू करे और सरसों की कटी फसल को तिरपाल या सेफ हाऊस में सुरक्षित रखें.
राज्य में अगर तापमान की बात करें तो यह सामान्य के आसपास बना हुआ है, लेकिन दिन का तापमान सामान्य से नीचे चल रहा है. आने वाले दिनों में हवाओं के परिवर्तन के चलते रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी, लेकिन दिन का तापमान सामान्य ही रहेगा.
सामान्य से अधिक बारिश
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार अप्रैल में बार-बार आने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण इस बार अप्रैल में औसत से अधिक बारिश होने की संभावना है. इस दौरान मौसम में पहला बदलाव 2 और 3 अप्रैल को दिखेगा. इस दौरान प्रदेश के ज्यादातर जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है. वही दूसरा बदलाव 7 और 8 अप्रैल को सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से फिर राज्य में बारिश और आंधी की गतिविधियां दिखाई देगी. अप्रैल के दूसरे सप्ताह की शुरुआत में थोड़ी गर्मी बढ़ सकती है, लेकिन बाद में तापमान सामान्य रहेगा. वही तीसरे सप्ताह के अंत में एक बार फिर बारिश की संभावना है.
