हरियाणा में आज से तेज होगी बारिश, IMD ने 17 जिलों के लिए जारी किया यलो अलर्ट

चंडीगढ़ | दक्षिण- पश्चिम मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और अब हरियाणा के हिसार तक पहुंच गया है. मानसूनी रेखा हरियाणा के हिसार और पंजाब के बठिंडा से गुजर रही है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश और राजस्थान के शेष इलाकों को कवर करते हुए हरियाणा के नए क्षेत्रों में प्रवेश कर चुका है. अगले 4 से 5 दिनों में इसके पूरे प्रदेश में फैलने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं. मानसून की सक्रियता बढ़ने से आज से राज्य में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी, जिससे पिछले कई दिनों से जारी उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.

Barish Weather Mausam

हरियाणा मौसम अपडेट

मौसम विभाग ने हरियाणा के 17 जिलों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. इसके तहत अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पंचकूला, सोनीपत, पानीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रोहतक समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है.

रहे अलर्ट

मानसून का असर पूर्वी, उत्तरी और दक्षिणी हरियाणा में अधिक देखने को मिल रहा है. पिछले 24 घंटों में यमुनानगर में सबसे ज्यादा 11.0 मिमी बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा सोनीपत में 6.5 मिमी, महेंद्रगढ़ में 6.0 मिमी और गुरुग्राम में 5.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है. वहीं पश्चिमी हरियाणा के सिरसा और फतेहाबाद में अभी मानसून की रफ्तार धीमी बनी हुई है और अधिकांश क्षेत्रों में बारिश नहीं हुई. हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि 6 जुलाई से मानसूनी सिस्टम पूरे प्रदेश में सक्रिय हो जाएगा और लगभग सभी जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिलेगी.

यह भी पढ़े -  सरकारी नौकरी का इंतजार खत्म, HKRN युवाओं को प्राइवेट इंडस्ट्री में दिलाएगा रोजगार

किसानों के लिए एडवाइजरी

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे कृषि गतिविधियां मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखकर ही करें. सिंचाई, खाद और कीटनाशकों का छिड़काव बारिश की संभावना के अनुसार करें. धान की नर्सरी और कपास की खेती करने वाले किसान खेतों में जलभराव से बचने के लिए पानी की निकासी का उचित प्रबंधन रखें. विभाग का कहना है कि यह बारिश धान की रोपाई और अन्य खरीफ फसलों के लिए लाभदायक साबित होगी. इससे किसानों को खेती के कार्यों में भी काफी मदद मिलेगी.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.