चंडीगढ़ | हरियाणा में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए है. राज्य का अधिकतम तापमान 33 डिग्री के पार चला गया है. मौसम विभाग की माने तो 7 जिलों का तापमान 35 डिग्री के आसपास बना हुआ है जिससे यहां गर्मी ज्यादा महसूस हो रही है. राज्य में सबसे अधिक तापमान पलवल जिले का दर्ज किया गया है, जो कि 34.2 डिग्री सेल्सियस रहा है.
हिसार में तापमान 31.4 डिग्री, नारनौल में 32.5 डिग्री, महेन्द्रगढ़ में 33.3 डिग्री, नूहं में 32.6 डिग्री और गुरुग्राम के कुछ हिस्सों में तापमान 33 डिग्री के पार पहुंच गया है. बढ़ता तापमान कही न कही किसानों की चिंता का विषय बना हुआ है.
सामान्य से 6 डिग्री ऊपर रहा तापमान
प्रदेश में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिसके चलते औसतन अधिकतम तापमान में 1.2 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है और यह सामान्य से 6.1 डिग्री अधिक चल रहा है. साफ आसमान और तेज धूप के कारण दोपहर की गर्मी का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है. यदि ऐसा ही चलता रहा तो आने वाले दिनों में तापमान 35 डिग्री का आंकड़ा पार कर जाएगा.
रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर चल रहा है, हालांकि रात में हल्की ठंड महसूस हो रही है लेकिन तापमान बढ़ने से सुबह और शाम की ठिठुरन पूरी तरह से खत्म हो चुकी है.
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने अनुसार हरियाणा में मौसम शुष्क रहेगा, इसी बीच हल्की बादलवाई देखने को मिल सकती है. पश्चिमी शुष्क गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप के कारण राज्य में 9 मार्च तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलेगी और यह 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है.
मौसम विभाग का अनुमान है कि 9 को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. इसके कारण हरियाणा में कुछ स्थानों पर बादल छाए रह सकते है और तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है. इसके साथ ही, उत्तरी जिलों में हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिल सकती है.
