G20 Summit: फरीदाबाद पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, 7 से 10 सितंबर तक ये रूट बंद; फटाफट देखे लिस्ट

फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 8- 10 सितंबर तक G20 शिखर सम्मेलन का आयोजन होना है. ऐसे में राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक- चौबंद करने की तैयारियां शुरू हो चुकी है. इस दौरान दिल्ली समेत एनसीआर क्षेत्र में ट्रैफिक डायवर्ट समेत तमाम एडवाइजरी जारी की गई है ताकि आमजन को परेशानी न झेलनी पड़े.

traffic light

इसी कड़ी में दिल्ली से सटे फरीदाबाद में भी डीसीपी ट्रैफिक अमित यशवर्धन के निर्देश पर फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने लोगों की सुविधा के लिए एडवाइजरी जारी की है. इसके तहत, 7 सितंबर रात्रि 12 बजे से 10 सितंबर मध्यरात्रि तक फरीदाबाद से दिल्ली जाने वाले सभी भारी और हल्के कमर्शियल वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है.

इस एडवाइजरी के तहत, आवश्यक सेवाओं से संबंधित वाहन जैसे सब्जी, फ्रूट, दूध- राशन, सीएनजी/ एलपीजी गैस वाहन खाद्य सामग्री, चिकित्सा से संबंधित वाहन, अखबार वितरण इत्यादि वाहनों की आवाजाही रोजमर्रा की तरह रहेगी. इन सेवाओं से जुड़े व्यक्तियों का आवागमन यथावत रहेगा.

NH- 19 पर इन वाहनों की एंट्री बैन

8- 10 सितंबर तक होने वाले शिखर सम्मेलन के चलते फरीदाबाद से दिल्ली की तरफ जाने वाले मथुरा हाईवे NH- 19 और अन्य रास्तों पर भारी तथा कमर्शियल वाहनों के आवागमन पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा. फरीदाबाद से दिल्ली जाने वाले सभी बॉर्डर पॉइंट पर नाका लगाकर निगरानी रखी जाएगी.

निजी वाहनों का प्रयोग न करने की सलाह

डीसीपी ट्रैफिक पुलिस द्वारा अपील की गई है कि रोजमर्रा की तरह दिल्ली व फरीदाबाद के विभिन्न कार्यालय सरकारी/ प्राइवेट ऑफिस में कार्यरत व निजी काम से जाने वाले व्यक्ति अधिक से अधिक मेट्रो का प्रयोग करें. किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए निजी वाहनों का प्रयोग कम करें और मेट्रो और पब्लिक ट्रांसपोर्ट के इस्तेमाल पर जोर दें.

इन रास्तों पर एंट्री बैन

दिल्ली के बदरपुर, पहलादपुर, शूटिंग रेंज, मांगर, डेरा फतेहपुर बाईपास, जैतपुर, दुर्गा बिल्डर से सटे दिल्ली के सभी सीमावर्ती इलाकों और दिल्ली की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर व्यावसायिक वाहनों की एंट्री पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा. इन रास्तों पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा नाके लगाकर निगरानी रखी जाएगी.

वहीं, पलवल से आने वाले सभी हल्के व भारी कमर्शियल वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग KMP/ KGP एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. साथ ही, स्पष्ट चेतावनी जारी की गई है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.