हरियाणा के इस जिले में बनेगा एक और मेडिकल कॉलेज, 100 MBBS सीटों पर होंगे दाखिले

सिरसा | हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शनिवार को चंडीगढ़ में मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च विभाग और वित्त विभाग के अधिकारियों की एक बैठक की अध्यक्षता की. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिरसा में प्रस्तावित सरकारी मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल के निर्माण कार्य को निर्धारित अवधि में पूरा किया जाएं.

Medical College

डिप्टी सीएम ने इस मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य के लिए उठाए गए कदमों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए. उन्होंने भवन के साथ- साथ कॉलेज के लिए आवश्यक स्टॉफ की भर्ती के लिए भी अभी से ही तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए.

MBBS की होंगी 100 सीटें

बैठक के दौरान अधिकारियों ने दुष्यंत चौटाला को अवगत कराया कि सिरसा में करीब 21 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल के निर्माण कार्य पर लगभग 1010.37 करोड़ रुपए खर्च होंगे और मुख्यमंत्री कार्यालय से इसकी स्वीकृति मिल चुकी है. इस कालेज में एडमिशन के लिए 100 MBBS सीटें होंगी तो वहीं 539 बेड का हॉस्पिटल होगा.

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सिरसा में यह गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल बनने से हरियाणा के लोगों को तो फायदा होगा ही, वहीं साथ लगते राज्यों पंजाब और राजस्थान के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिरसा के मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल का निर्माण निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाए और इसके लिए धनराशि की कमी नहीं रहने दी जाएगी.

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सूबे में स्वास्थ्य सुविधाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में हरसंभव प्रयास कर रही है. इसी कड़ी में प्रदेश के हरेक जिले में एक गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल खोलने का निर्णय लिया है ताकि राज्य के लोगों को नजदीक में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सके.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.