हरियाणा में बिजली बिल और परिवार पहचान पत्र जोड़ने का पोर्टल फिर शुरू, गलत मैपिंग भी घर बैठे हटा सकेंगे

हिसार | हरियाणा में परिवार पहचान पत्र (PPP) से बिजली बिल की मैपिंग को लेकर परेशान उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है. पिछले करीब एक महीने से बंद पड़ा फैमिली आईडी मैपिंग पोर्टल अब दोबारा शुरू कर दिया गया है. इसके बाद उपभोक्ता घर बैठे ही अपने बिजली बिल अकाउंट को परिवार पहचान पत्र से जोड़ सकेंगे. पोर्टल पर गलत तरीके से मैप किए गए बिजली बिल अकाउंट को हटाने की सुविधा भी मिलेगी. इससे उपभोक्ताओं को बिजली निगम के कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

Family ID PPP Haryana

फैमिली आईडी में बिजली बिल की मैपिंग नहीं होने के कारण उपभोक्ताओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. बिल से संबंधित काम प्रभावित होने के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी दिक्कतें आ रही थीं.

अटके थे कई काम

पिछले एक महीने से पोर्टल बंद होने के कारण बिजली बिल मैपिंग से जुड़े काम रुके हुए थे. इसका असर उन उपभोक्ताओं पर भी पड़ा, जिन्होंने अपने घरों पर सोलर पैनल लगवाए थे. नेट मीटर से जुड़ी कुछ प्रक्रियाएं भी मैपिंग नहीं होने के कारण आगे नहीं बढ़ पा रही थीं. पोर्टल शुरू होने के बाद उपभोक्ता परिवार पहचान पत्र पोर्टल के जरिए अपने बिजली बिल अकाउंट को मैप कर सकेंगे. यदि किसी अन्य या गलत बिजली बिल अकाउंट की मैपिंग हो गई है तो उसे हटाने का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा. इस सुविधा से लोगों का समय और पैसा दोनों बचेंगे.

मिला ऑप्शन

बिजली निगम हिसार के एक्सईएन विनीत कुमार ने बताया कि लंबे समय से बंद फैमिली आईडी मैपिंग पोर्टल को अब दोबारा शुरू किया गया है. क्रीड विभाग की ओर से ‘मेरा परिवार’ पोर्टल पर बिजली ग्रीवेंस का विकल्प उपलब्ध कराया गया है. इसके जरिए आम उपभोक्ता घर बैठे बिजली बिल की मैपिंग कर सकेंगे. पोर्टल के दोबारा शुरू होने से सोलर पैनल उपभोक्ताओं के नेट मीटर से जुड़े लंबित कामों में भी तेजी आने की उम्मीद है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.