शारदीय नवरात्र पर दक्षिण हरियाणा के लिए खुशखबरी, कनीना रेलवे स्टेशन पर होगा इन ट्रेनों का अस्थाई ठहराव

महेंद्रगढ | नवरात्रों के शुभ अवसर पर हरियाणा के लिए भारतीय रेलवे अच्छी खबर लेकर आया है. शारदीय नवरात्र के उपलक्ष्य में कनीना- अटेली मार्ग सहित सिद्ध पीठ माता दुर्गा मंदिर महासर में आयोजित होने वाले मेले के दृष्टिगत रेल प्रशासन ने कनीना रेलवे स्टेशन पर दो जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों के अस्थाई ठहराव को मंजूरी प्रदान की है.

RAIL TRAIN

स्टेशन अधीक्षक केएल शर्मा ने बताया कि ट्रेन नंबर 22471 बीकानेर- दिल्ली सराय का 15 से 24 अक्टूबर तक कनीना रेलवे स्टेशन पर ठहराव रहेगा. यह ट्रेन दोपहर 2 बजकर 36 मिनट पर स्टेशन पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद अपने गंतव्य की ओर रवाना हो जाएगी. इसी तरह ट्रेन नंबर 22472 दिल्ली सराय- बीकानेर सुबह 10:34 बजे रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद अगले स्टेशन की ओर बढ़ जाएगी.

इसके अलावा, ट्रेन नंबर 12458 बीकानेर- दिल्ली सराय 15 से 24 अक्टूबर तक अलसुबह 3:25 बजे कनीना रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद आगे बढ़ जाएगी. इसी तरह ट्रेन नंबर 12457 दिल्ली सराय- बीकानेर रात्रि डेढ़ बजे आगमन करेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद अपने गंतव्य स्थान की ओर बढ़ जाएगी. इन ट्रेनों के अस्थाई ठहराव से मेले में दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले लोगों को बेहतर यातायात सुविधा का लाभ मिलेगा.

यह भी पढ़े -  महेंद्रगढ़ से खिलाड़ियों के लिए आई बड़ी खुशखबरी, इस गांव में बनेगा नया खेल स्टेडियम
Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.