फरीदाबाद के अभीष्ट की सफलता किसी चमत्कार से कम नहीं, मात्र 17 साल की उम्र में खड़ी कर दी कंपनी

फरीदाबाद | कहते हैं सफलता उम्र या अमीरी- गरीबी की मोहताज नहीं होती है. अगर आप अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे तो सफलता एक दिन अवश्य आपके कदम चूमेगी. कुछ ऐसा ही अनूठा उदाहरण पेश किया है फरीदाबाद निवासी अभीष्ट चौधरी ने जिसने पढ़ाई और खेलने- कूदने की उम्र में मेहनत- मजदूरी कर खुद की कंपनी खड़ी कर दी.

Abhisht Chaudhary Faridabad

अभीष्ट चौधरी ने बताया कि कक्षा दसवीं के बाद मात्र 17 साल की उम्र में एक निजी कंपनी में ठेकेदार के नीचे 1,800 रूपए तनख्वाह पर मजदूरी करना शुरू कर दिया. फिर धीरे- धीरे काम सीख कर एक छोटी सी वर्कशॉप खोली और उसमें लिफ्ट बनाने का काम शुरू कर दिया. मेहनत और लगन रंग लाई और बिज़नेस फैलने लगा तो 2017 में केरीमैक्स लिफ्ट के नाम से फरीदाबाद आईएमटी क्षेत्र में अपनी खुद की कंपनी स्थापित कर डाली.

50 से अधिक मजदूर करते हैं काम

उन्होंने बताया कि हमारी कंपनी में कई तरह की लिफ्ट जैसे हॉस्पिटल लिफ्ट, होम लिफ्ट, कंपनियों की लिफ्ट आदि तैयार की जाती है. अभीष्ट ने बताया कि दसवीं के बाद पढ़ाई करने की कोशिश की थी लेकिन नौकरी के साथ पढ़ाई जारी रखना मेरे लिए असंभव हो रहा था तो मैंने अपने काम पर ही फोकस कर लिया.

अभीष्ट ने बताया कि आज मैं जिस मुकाम पर पहुंचा हूं उसके पीछे मेरी मेहनत और सच्ची लगन है. जिस उम्र में बच्चे खेलते- कूदते हैं उस उम्र में मैंने अपने शरीर को परिश्रम की भट्टी में झोंक दिया था और आज उसी का परिणाम सबके सामने है. आज मेरे द्वारा खड़ी की गई कंपनी में 50 से अधिक मजदूर काम करते हैं.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.