फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद जिले के डीग गांव का किसान (Kisan) श्यामू औरों के लिए मिसाल बना हुआ है. उन्होंने महज डेढ़ किले में भिंडी की खेती की हुई है और इससे काफी मुनाफा भी कमा रहे हैं. 27 वर्षीय किसान ने बताया कि उनके परिवार का गुजारा खेती से ही होता है और भिंडी की फसल से उन्हें अच्छा लाभ मिल रहा है. वह बताते हैं कि खेती करने से पहले वह खेत की तीन बार जुताई करते हैं. उसके बाद, इसमें एक कट्टा डीएपी खाद डालते हैं और सप्ताह में एक बार फसल की सिंचाई करते हैं.
40 दिनों में तैयार होती है फसल
इंटर तक पढ़े श्यामू बताते हैं कि अच्छी फसल के लिए उसकी नियमित देखभाल जरूरी है. 40 दिनों के अंदर यह फसल पककर तैयार हो जाती है. इस दौरान कीटों से बचाव के लिए वह दवाइयों का इस्तेमाल भी करते हैं. वह कहते हैं कि अगर फसल में कीड़े लगते हैं, तो पहले ‘अटैक’ नाम की दवाई डाली जाती है. उसके बाद, ‘ओजोक्स’ दवाई का छिड़काव किया जाता है. झरनों लिक्विड भी डाला जाता है, ताकि फसल खराब ना हो.
खेती से हो रही अच्छी कमाई
श्यामू की डेढ़ किले जमीन में लगभग 2 क्विंटल भिंडी तैयार हो जाती है. वर्तमान में बाजार में भिंडी 70 से 80 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बिक रही है. इस प्रकार देखा जाए, तो 40 दिनों में वह लगभग 50 से 60 हजार रुपए आसानी से कमा लेते हैं. श्यामू ने जमीन पट्टे पर ले रखी है, जिसके लिए वह पट्टे वाले को एक किले का 30,000 रुपए सालाना किराया देते हैं. इसके अलावा, खाद, बीज और बाकी दवाइयों का खर्चा भी आता है.
