कैथल | हरियाणा के कैथल जिले से शादी की रस्म भात से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है, जिसकी हर कोई तारीफ कर रहा है. यहां गांव पाई में हरियाणा पुलिस के जवान सुनील संधू ने 80 साल की महिला श्योन देवी और किसान यूनियन के सदस्यों के साथ मिलकर सामाजिक भाईचारे को मजबूत करने का बड़ा संदेश दिया है.
बाल्मीकि समाज के घर भात भरा
सुनील संधू के साथ इन सदस्यों ने बाल्मीकि समाज की बिन भाईयों की बहन के घर भात भरकर भाई का फर्ज निभाया. सुनील ने बताया कि पाई गांव से एक साथी का फोन आया था कि बाल्मीकि समाज के घर लड़की की शादी है और परिवार बहुत ही ज्यादा गरीब है. लड़की की मां का कोई भाई भी नहीं है. इसके बाद, हम सबने मिलकर बाल्मीकि समाज का भात भरा और उस बहन को भाईयों की कमी महसूस नहीं होने दी.
सैकड़ों परिवार की कर चुके हैं मदद
हरियाणा पुलिस में कार्यरत सुनील संधू इससे पहले भी सैकड़ों गरीब परिवारों की मदद कर चुके हैं. गरीब परिवारों के शादी- विवाह में वो अपने साथियों के साथ मिलकर आर्थिक सहायता प्रदान करते हैं. युवाओं को नशे के प्रति जागरूक करना, वृक्षारोपण, ईट- भट्ठे पर काम करने वाले गरीब लोगों की मदद जैसे कार्यों से सुनील संधू ने आज अपनी अलग पहचान बना ली है.
सुनील संधू ने बताया कि सैकड़ों साथियों के आर्थिक सहयोग से गरीब परिवारों के शादी-विवाह में मदद की जाती है. इस मंहगाई के दौर में शादी करना गरीब परिवारों के लिए बहुत बड़ी चुनौती होती है. ये चुनौतियां तब और ज्यादा बढ़ जाती है, जब परिवार में कोई कमाने वाला नहीं हो. ऐसे में हम सभी को थोड़ा- थोड़ा आर्थिक सहयोग करते हुए ऐसे लोगों की मदद करनी चाहिए. इंसानियत से बढ़कर कुछ भी नहीं है.
