कुरूक्षेत्र | हरियाणा में किसान भाईयों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां कुरूक्षेत्र यूनिवर्सिटी में 9- 11 मई तक तीन दिवसीय किसान मेला (Kisan Mela) आयोजित होगा. नवीन जिंदल फाउंडेशन और इरमा आईसीडी के संयुक्त सहयोग से आयोजित होने वाले इस कृषि मेले में कुरूक्षेत्र लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद नवीन जिंदल और कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे.

आधुनिक तकनीक की मिलेगी जानकारी
इस कृषि मेले के दौरान किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों, जैविक खेती, स्टार्टअप संभावनाओं और कृषि आधारित व्यवसायों से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी जाएगी. इसके अलावा, प्राकृतिक खेती, जैविक कीटनाशकों के विकल्प, ऋण और सब्सिडी की उपलब्धता, डेयरी उद्योग की चुनौतियां, पीएम एफएमई योजना, एफपीओ योजनाएं, बाजार से जुड़ने की रणनीतियां, बीज और लाइसेंस से संबंधित प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानने का मौका मिलेगा.
कृषि विशेषज्ञों का मिलेगा मार्गदर्शन
निर्यात से जुड़ा मार्गदर्शन और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर बिक्री जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा सत्र आयोजित किए जाएंगे. इन सत्रों में देश के अग्रणी कृषि विज्ञानी और विशेषज्ञ भाग लेंगे. साथ ही, प्रगतिशील किसान भी अपने अनुभव साझा करेंगे.
कृषि मेले में किसानों को मिट्टी, बीज और पानी की गुणवत्ता जांचने वाली आधुनिक मशीनों की जानकारी मिलेगी. इसके अलावा, फसल आधारित सिंचाई तकनीकों को भी समझाया जाएगा ताकि पानी की बचत करते हुए किसान बंपर पैदावार ले सकें. सांसद नवीन जिंदल ने बताया कि कृषि मेले में प्रगतिशील किसानों को मंच पर सम्मानित किया जाएगा, ताकि दूसरे किसान उनसे प्रेरणा लेकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकें.