सोनीपत | हरियाणा के सोनीपत जिले से किसानों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां बुधवार को हुई राज्यस्तरीय शिकायत समिति की बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत लंबित 2615 मामलों को मंजूरी देते हुए किसानों को बड़ी राहत प्रदान की गई है. इससे अब किसानों को करोड़ों रुपए मुआवजा राशि मिलने का रास्ता साफ हो गया है.
केंद्र सरकार के पास जाएंगे केस
मिली जानकारी के अनुसार, सोनीपत जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत लंबित 2615 मामलों में खरीफ सीजन 2021, रबी सीजन 2021-22 और खरीफ सीजन 2022 के मामले शामिल हैं. इनको बीमा कंपनियों द्वारा विभिन्न तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए लंबित रखा गया था और किसानों को फसल खराबे के मुआवजे से वंचित रखा हुआ था.
अब ये सभी 2615 केस केंद्र सरकार के पास रिपोर्ट सहित भेज दिए गए हैं. इनकी मंजूरी के बाद किसानों के बैंक खातों में 10 करोड़, 12 लाख, 54 हजार 321 रुपए की मुआवजा राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी. इस फैसले से किसानों को बड़े स्तर पर आर्थिक राहत पहुंचेगी.
किसानों ने किया था आंदोलन
बता दें कि किसानों द्वारा मुआवजा राशि न मिलने के विरोध में गोहाना क्षेत्र में धरना-प्रदर्शन किया गया था. इसके बाद जिला प्रशासन और कृषि विभाग ने लगातार कोशिशें की, जिसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आए हैं. किसानों के इस मामले को D.S.E.C बैठक से उठाकर राज्यस्तरीय शिकायत समिति की बैठक तक पहुंचाया गया. जिसके परिणामस्वरूप किसानों को मुआवजा राशि मिलने की तस्वीर साफ हो गई है.
