चंडीगढ़ | हरियाणा में किसानों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. प्रदेश में गिरते भू- जल स्तर को रोकने के लिए किसानों को धान की सीधी बिजाई (डीएसआर) के लिए प्रेरित किया जा रहा है. राज्य सरकार द्वारा धान की सीधी बिजाई करने वाले किसानों को साढ़े 4 हजार रुपए प्रति एकड़ की प्रोत्साहन राशि का लाभ दिया जाएगा.

10 जुलाई तक करें आनलाइन आवेदन
सीधे धान की बिजाई करने वाले किसानों को कृषि एवं किसान कल्याण विभाग सीधी बिजाई करने वाली डीएसआर मशीन की खरीद पर सब्सिडी का लाभ दिया जाएगा. इस योजना का लाभ उठाने के लिए 10 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है. कृषि एवं किसान कल्याण विभाग सीधी बिजाई करने वालों मशीन के कुल मूल्य पर 50 प्रतिशत या 40 हजार रुपये जो भी कम हो, सब्सिडी दी जाएगी. किसान agri-haryana.gov.in पोर्टल पर 10 जुलाई तक डीएसआर मशीन पर अनुदान के लिए आवेदन कर सकते हैं.
इन दस्तावेजों की होगी जरूरत
इस योजना का लाभ उठाने के लिए किसानों को मेरी फसल- मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा. इस योजना का लाभ किसानों को पहले आओ- पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा. योजना के तहत, सब्सिडी के लिए किसान के पास ट्रैक्टर की वैध आरसी होना अनिवार्य है. मेरी फसल- मेरा ब्योरा, आधार कार्ड, पैन कार्ड, परिवार पहचान पत्र, बैंक खाता व अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र (यदि अनुसूचित जाति से हो तो) होना चाहिए. सहायक कृषि अभियंता कार्यालय में भी डीएसआर मशीन उपलब्ध है. धान की सीधी बिजाई के लिए किसान यहां से भी मशीन ले सकते हैं.