खुशखबरी: खेड़कीदौला टोल प्लाजा को इस जगह पर किया जाएगा शिफ्ट, 10 जुलाई से शुरू होगा काम

गुरुग्राम | दिल्ली से सटे गुरुग्राम से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां दिल्ली- जयपुर हाइवे (NH- 48) में पंचगांव में टोल प्लाजा स्थापित करने की तैयारियां शुरू हो गई है. नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने बताया कि KMP एक्सप्रेसवे से पहले टोल प्लाजा बनाने का काम 10 जुलाई से शुरू हो जाएगा. इसके लिए तैयार लेआउट प्लान को भी अंतिम रूप से दे दिया गया है. 20 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस टोल प्लाजा के निर्माण कार्य को 3 महीने के भीतर पूरा करने का टारगेट रखा गया है.

Toll Tax Booth 1

लंबे समय से थी मांग

दिल्ली- गुरुग्राम हाइवे पर स्थित खेड़की दौला टोल प्लाजा को हटाने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी. इसके लिए धरने- प्रदर्शन हुए. लोगों ने अनशन किया और यहां तक कि प्रधानमंत्री कार्यालय को भी पत्र लिखे गए. अब सालों बाद लोगों की मांग पूरी होती दिखाई दे रही है. लोगों का कहना है कि खेड़कीदौला टोल प्लाजा शिफ्ट होने पर बड़े स्तर पर राहत पहुंचेगी. लोगों को टोल प्लाजा की लंबी लाइनों से छुटकारा मिलेगा.

वाहनों को ठहरने की नहीं होगी जरूरत

NHAI ने बताया कि पंचगांव में टोल प्लाजा के लिए HSIIDC ने 28 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई है. इसपर 14 लेन का टोल प्लाजा बनाया जाएगा, जिसमें 12 लेन FasTag सिस्टम वाले वाहनों के लिए होगी. इन लाइनों में अत्याधुनिक FasTag रीडर लगाए जाएंगे, जिससे वाहनों का 1 सेकंड के लिए भी ठहराव न हो. यानि टोल प्लाजा दिखाई देगा, लेकिन वाहनों को रूकने की आवश्यकता नहीं होगी. अभी तक इस तरह की सुविधा द्वारका एक्सप्रेसवे पर स्थित टोल प्लाजा पर ही है.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम के प्रमुख चौकों का होगा सौंदर्यीकरण, चंडीगढ़ जैसी दिखेगी तस्वीर

NHAI के एक अधिकारी ने बताया कि 10 जुलाई को काम शुरू करने से पहले 9 जुलाई को हरियाणा सरकार के अधिकारियों के साथ एक बैठक होगी ताकि निर्माण कार्य के दौरान किसी भी स्तर पर परेशानी नहीं हो, इस बारे में चर्चा की जायेगी. सभी अधिकारी उस जगह का दौरा करेंगे, जहां टोल प्लाजा बनना है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.