भिवानी | हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की तरफ से सीईटी (CET) की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है. सीईटी परीक्षा 26 और 27 जुलाई को आयोजित की जाएगी. परीक्षा का इंतजार काफी लंबे समय से किया जा रहा था मगर तारीखों का ऐलान होने के बाद उम्मीदवारों के सामने एक और समस्या आ गई है. उम्मीदवारों का कहना है कि पहले भविष्य देखें या परंपरागत तीज मनाएं.
उम्मीदवार परेशान
यह प्रश्न इस बार सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) की प्रतीक्षा कर रहे लाखों अभ्यर्थियों खासकर महिला के जेहन में घूम रहा है. सीईटी परीक्षा और तीज का त्यौहार दोनों एक ही दिन होने से भाइयों को अपनी बहन के लिए कोथली ले जाना संभव नहीं हो पायेगा और बहनें भी भाई के साथ त्योहार मनाने की खुशियों से वाचित यह जाएंगी. मातृशक्ति इस दिन सावन के गीतों के साथ पिँगे चढ़ाती हैं.
तिथि बदलने की मांग
महिला अभ्यर्थी चाहती हैं कि तीज वाले दिन परीक्षा न होकर किसी और दिन परीक्षा हो. अभ्यर्थियों का कहना है कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग को परीक्षा की तिथि बदलनी चाहिए, जिससे खुशियां दोगुनी हो पाए. एक अभ्यर्थी सोनिका ने कहा कि हमारे यहां त्योहार का बड़ा महत्व है. 26- 27 जुलाई को सीईटी की परीक्षा है और 27 जुलाई को तीज का त्योहार है. सरकार इस त्योहार पर तो यह परीक्षा न ले, ताकि त्योहार की खुशियां भी अच्छे से मनाई जा सके.
खुशियां प्रभावित होना स्वभाविक
पूर्व विधायक डॉ. शिवशंकर भारद्वाज का भी कहना है कि तीज का त्योहार हरियाणा का बड़ा त्योहार है. इस दिन तो सीईटी की परीक्षा नहीं ली जानी चाहिए. लाखों लड़के- लड़कियां इस परीक्षा में शामिल होंगे. इसी दिन त्योहार है, तो स्वभाविक है त्योहार की खुशियों पर प्रभाव पड़ेगा. अभी तो समय है. 27 जुलाई की अपेक्षा परीक्षा की तिथि आगे पीछे की जा सकती है. सरकार इस पर अवश्य ध्यान दे.
