पंचकूला | हरियाणा विद्यालय शिक्षा निदेशालय द्वारा 26 जुलाई 2025 शनिवार को प्रदेश के सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है. दरअसल, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) द्वारा 26 और 27 जुलाई को सुबह और शाम की दो पालियों में कॉमन एलिजिबिलिटी परीक्षा CET 2025 का आयोजन करवाया जाएगा. इसी के मद्देनज़र शिक्षा निदेशालय द्वारा यह फैसला लिया गया है. इस दौरान जिन स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, वहां नियमित शिक्षण कार्य नहीं हो पाएगा.
परीक्षा ड्यूटी वाले स्टाफ को ही मिलेगी एंट्री
निदेशालय द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि केवल वही कर्मचारी स्कूल में प्रवेश कर पाएंगे, जिन्हें परीक्षा ड्यूटी में तैनात किया गया है. परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए अन्य किसी व्यक्ति को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी, चाहे वह स्टाफ का ही सदस्य क्यों न हो. निदेशालय ने संबंधित स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि CCTV कैमरे और जैमर लगाने वाली एजेंसी की जल्द- से- जल्द सेवा उपलब्ध करवाई जाए.
जिला शिक्षा अधिकारियों को भेजे गए निर्देश
इस विषय में निदेशालय द्वारा आज 22 जुलाई 2025 को पंचकूला स्थित निदेशालय कार्यालय से सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश भेजे गए हैं. कहा गया है कि वे अपने स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर लें. इसके अलावा, यह भी सुनिश्चित करें कि परीक्षा के संचालन में किसी प्रकार की कोई बाधा न आए.
