रेवाड़ी | हरियाणा में रेलयात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. त्यौहारी सीजन पर अतिरिक्त भीड़- भाड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा 10 अगस्त यानि आज से 2 स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है. रेवाड़ी और जयपुर रूट पर संचालित होने वाली इन ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को फायदा पहुंचेगा. इन ट्रेनों का संचालन सीमित समयावधि के लिए किया गया है.
यह रहेगा शेड्यूल
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि जयपुर- रेवाड़ी- जयपुर रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन 10 अगस्त को जयपुर से दोपहर सवा 12 बजे प्रस्थान कर 03.55 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी और रेवाड़ी से उसी दिन शाम साढ़े 4 बजे रवाना होकर शाम साढ़े 7 बजे जयपुर पहुंचेगी. बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में गांधीनगर जयपुर, गैटोर जगतपुरा, दौसा, बांदीकुई, राजगढ़, अलवर एवं खैरथल स्टेशनों पर ठहराव करेगी.
फुलेरा- रेवाड़ी- फुलेरा स्पेशल ट्रेन
कैप्टन शशि किरण ने बताया कि फुलेरा- रेवाड़ी– फुलेरा रक्षाबंधन विशेष ट्रेन 10 और 11 अगस्त को फुलेरा से दोपहर ढाई बजे बजे रवाना होकर शाम 7 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी. रेवाड़ी से फुलेरा के लिए यह ट्रेन दोनों ही दिन रात 08.20 बजे रवाना होगी और रात 01.05 बजे फुलेरा पहुंचेगी. बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में रेनवाल, रींगस, श्रीमाधोपुर, कांवट, नीम का थाना, मावंडा, डाबला, नारनौल एवं अटेली स्टेशनों पर ठहराव करेगी.
