रेवाड़ी | हरियाणा परिवहन विभाग की बसों में सालासर- खाटूश्याम व जयपुर की यात्रा करना अब महंगा हो गया है. ऐसा इसलिए क्योंकि राजस्थान सरकार की ओर से किराए में बढ़ोतरी की गई है. इसका सीधा असर हरियाणा से राजस्थान जाने वाली बसों में सफर करने वाले यात्रियों पर दिखाई देगा. राजस्थान सरकार की तरफ से साधारण बसों के किराये में 10 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई है.
20 रुपए तक हुई बढ़ोतरी
रेवाड़ी डिपो से राजस्थान जाने वाली बसों की बात करें तो यात्रियों पर 5 रुपए से लेकर 20 रुपए अतिरिक्त किराए की मार पड़ी है. यहां से रोजाना जयपुर, सीकर, कोटा, खाटूश्याम धाम आदि जगहों के लिए सैकड़ों यात्रियों की आवाजाही रहती है. इन रूटों पर रोडवेज विभाग को अच्छा राजस्व प्राप्त होता है. राजस्थान सरकार ने इसी महीने 8 अगस्त को किराए में बढ़ोतरी का आदेश जारी किया था.
रोडवेज की बसों में राजस्थान की सीमा तक पहले की तरह किराया देना होगा. बस जैसे ही राजस्थान की सीमा में एंट्री करेगी, तो बढ़ा हुआ किराया लागू हो जाएगा. जहां पहले रेवाड़ी से जयपुर के लिए 195 रुपए की टिकट लगती थी, लेकिन अब 215 रुपए का भुगतान करना होगा. यानि 20 रुपए की अतिरिक्त बढ़ोतरी हो रही है.
खुल्ले पैसे को लेकर परेशानी
रेवाड़ी से कोटा के लिए 435 की जगह अब 480 रुपए, खाटूश्याम के लिए 280 की जगह 300 रुपए, झुंझूनु रूट पर 160 की जगह 170 रुपये तथा कोटकासिम रूट पर 24 की जगह 26 रुपये टिकट के रुप में चुकाने होंगे. कई रूटों पर किराए में एक या 2 रुपए की बढ़ोतरी हुई है, तो किराए में खुल्ले पैसे को लेकर परिचालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है.
