कैथल मंडी में 1509 धान की आवक ने पकड़ी रफ्तार, जानें क्या मिल रहा भाव?

कैथल | हरियाणा की अनाज मंडियों में खरीफ फसलों की आवक शुरू हो गई है. कैथल जिले की बात करें, तो यहां की मंडियों में 1509 किस्म के धान की आवक रफ्तार पकड़ने लगी है. मंडियों में नेशनल एग्रीकल्चर मार्केट (ई- नेम) प्रणाली से खरीद हो रही है. इसके तहत न केवल लोकल राइस मिलर्स मंडियों में धान की खरीद कर रहे हैं, बल्कि टोहाना, सिरसा, सोनीपत व पंजाब के भी कई राइस मिलर्स मंडियों में पहुंचकर धान खरीद रहे हैं.

Dhan Paddy Mandi

भाव में गिरावट से किसान निराश

1509 धान के भाव की बात करें, तो 2 दिन पहले तक 3,260 रुपए प्रति क्विंटल तक किसानों को भाव मिल रहा था लेकिन अब 200 से 250 रुपए प्रति क्विंटल तक गिरावट आई है. भाव कम होने से किसानों को नुकसान हो रहा है.

किसानों का कहना है कि एक तो पहले ही इस बार बौना वायरस व बारिश से काफी मात्रा में धान खराब हो चुका है. इस कारण उत्पादन पर असर पड़ा है. अब भाव कम मिलने के कारण किसानों को प्रति क्विंटल हजारों रुपए तक आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है.

आवक ने पकड़ी रफ्तार

शहर की नई अनाज मंडी में 1509 धान की आवक तेज हो गई है. अब तक 10 हजार क्विंटल धान मंडियों में पहुंच गया है. रविवार को 3,500 क्विंटल धान मंडियों में पहुंचा. राइस मिलर्स ने 3,080 रुपये प्रति क्विंटल तक धान खरीदा, जो पिछले 3- 4 दिनों की अपेक्षा कम है. भाव में गिरावट से किसानों के चेहरे पर मायूसी साफ नजर आ रही थी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.