रेवाड़ी | त्यौहारी सीजन पर यात्रियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है. खाटूश्याम यात्रा और छठ पूजा पर्व पर श्रद्धालुओं को अतिरिक्त भीड़-भाड़ से छुटकारा दिलाने के लिए भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने बाड़मेर- जम्मूतवी एकतरफा स्पेशल ट्रेन संचालित करने का फैसला लिया है. इस ट्रेन के संचालन का हरियाणा के कई जिलों के यात्रियों को फायदा पहुंचेगा.
यह रहेगा शेड्यूल
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि ट्रेन नंबर 04818, बाड़मेर- जम्मूतवी एकतरफा स्पेशल ट्रेन 17 सितंबर यानि कल दोपहर साढ़े 12 बजे बाड़मेर से रवाना होकर अगले दिन यानी 18 सितंबर को शाम साढ़े 3 बजे जम्मूतवी पहुंचेगी. इस ट्रेन में 2 फर्स्ट एसी, दो सेकंड एसी, 4 थर्ड एसी, 8 स्लीपर, 5 जनरल कोच और 2 गार्ड सहित कुल 23 डिब्बे होंगे.
बीच रास्ते यह ट्रेन बायतू, बालोतरा, समदड़ी, दुंदाड़ा, लूनी, जोधपुर, गोटन, मेडता रोड, डेगाना, मकराना, कुचामन सिटी, नावां सिटी, फुलेरा, रेनवाल, रींगस, श्रीमाधोपुर, कावंट, नीमकाथाना, डाबला, नारनौल, अटेली, रेवाड़ी, अस्थल बोहर, रोहतक, जींद, नरवाना, जाखल, संगरूर, धुरी, लुधियाना, जालंधर सिटी, टाडा उडमुड, पठानकोट कैंट, हीरानगर और सांबा स्टेशन पर ठहराव करेगी.
छठ पूजा स्पेशल ट्रेन
छठ पूजा, दुर्गा पूजा व दिवाली पर अतिरिक्त भीड़- भाड़ को देखते हुए जोधपुर- गोरखपुर- जोधपुर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा. यह ट्रेन 2 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच प्रत्येक वीरवार को जोधपुर से शाम सवा 4 बजे रवाना होकर शुक्रवार रात 08.50 बजे गोरखपुर पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में 3 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को गोरखपुर से रात 11.25 बजे रवाना होकर रविवार सुबह 3 बजे जोधपुर पहुंचेगी. इस ट्रेन में 2 सेकेंड एसी, 4 थर्ड एसी, 8 स्लीपर, 2 जनरल और 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 18 कोच होंगे.
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में मेडता रोड, डेगाना, छोटी खाटु, डीडवाना, लाडनूं, सुजानगढ़, रतनगढ़, चूरू, सादुलपुर, लोहारू, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, दिल्ली कैंट, दिल्ली, गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, अयोध्या कैंट, अयोध्याधाम, मनकापुर, बस्ती व खलीलाबाद स्टेशनों पर ठहराव करेगी.
