खराब फसल पर प्रति एकड़ 15 हजार रुपए मिलेगा मुआवजा, कृषि मेले में CM सैनी की बड़ी घोषणा

हिसार | हरियाणा की हिसार स्थित चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में 21 सितंबर से दो दिवसीय कृषि मेला शुरू हो गया है. मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इस कृषि मेले का शुभारंभ किया. इस मेले में दूरदराज इलाकों से आए किसान कृषि से संबंधित नई जानकारियां हासिल कर रहे हैं. कृषि मेले में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे सीएम नायब सैनी ने चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय को हिंदुस्तान का गौरव बताया. उन्होंने कहा कि यहां के वैज्ञानिकों ने कृषि के विकास और किसानों की समस्याओं के समाधान खोजने के लिए निरंतर शोध किए हैं.

CM Nayab Singh Saini

किसानों को मिलेगी राहत

HAU के नए मेला ग्राउंड में आयोजित कृषि मेले में प्रगतिशील किसानों को सम्मानित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बड़ी घोषणा की. उन्होंने कहा कि बाढ़ और जलभराव से प्रभावित हुई फसलों पर 15 हजार रुपए प्रति एकड़ मुआवजा राशि किसानों को दी जाएगी. इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं भी किसान हूं, तो उनका दुःख दर्द समझता हूं.

बाढ़ और जलभराव से प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने खराब फसलों का ब्यौरा दर्ज करने के लिए ई- क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला था. इस पर 15 सितंबर तक लगभग 5 लाख किसानों ने 29.49 लाख एकड़ जमीन पर खड़ी फसलों में नुकसान बताते हुए क्लेम किया है. अब इसकी स्पेशल गिरदावरी और वेरिफिकेशन चल रही है, जिसके बाद मुआवजा राशि तय होगी.

यह भी पढ़े -  Asha School Hisar Jobs: हिसार में इन पदों पर निकली भर्ती, फटाफट करें आवेदन

25 सितंबर तक होगा सत्यापन

राजस्व विभाग के अधिकारियों का कहना है कि दावों का बहुस्तरीय सत्यापन हो रहा है. पहले चरण में पटवारी जांच कर रहे हैं. इसके बाद कानूनगो, सर्किल राजस्व अधिकारी, नायब तहसीलदार और तहसीलदारों द्वारा पुनः सत्यापन किया जाएगा. जिला राजस्व अधिकारी और एसडीएम सहित वरिष्ठ अधिकारी आगे सत्यापन करेंगे. जिलों के डीसी भी लगभग 5% क्षेत्र का दोबारा सत्यापन करेंगे और लगभग 2% क्षेत्र का सत्यापन संभागीय आयुक्त द्वारा किया जाएगा. सरकार ने सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने की लास्ट डेट 25 सितंबर तय की है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.