रेवाड़ी | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली- NCR और राजस्थान सहित हरियाणा के यात्रियों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि रेलवे (Indian Railways) ने जोधपुर से दिल्ली के बीच वंदे भारत ट्रेन संचालित करने का फैसला लिया है. इस ट्रेन का मंगलवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी सभी दिनों में संचालन रहेगा. राजस्थान और दिल्ली भ्रमण के लिए जाने वाले यात्रियों को इस ट्रेन के संचालन का विशेष फायदा मिलेगा.
ये रहेगा शेड्यूल
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि ट्रेन नंबर 26481, जोधपुर- दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 27 सितंबर से मंगलवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी दिन सुबह 05.25 बजे जोधपुर से रवाना होकर 09.25 बजे जयपुर पहुंचेगी. यहां से साढ़े 9 बजे रवाना होकर दोपहर डेढ़ बजे दिल्ली कैंट पहुंचेगी.
इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 26482, दिल्ली कैंट- जोधपुर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 27 सितंबर से मंगलवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी दिन दोपहर 03.10 बजे दिल्ली कैंट से रवाना होकर शाम 7 बजे जयपुर पहुंचेगी. यहां से 07.05 बजे रवाना होकर रात 11.20 बजे जोधपुर पहुंचेगी.
इन स्टेशनों पर करेगी ठहराव
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में राजस्थान के मेडता रोड, डेगाना, मकराना, फुलेरा, जयपुर, अलवर तथा हरियाणा के रेवाड़ी व गुरुग्राम स्टेशनों पर ठहराव करेगी. वंदे भारत ट्रेन में 7 वातानुकूलित कुर्सीयान और 1 एक्जीक्यूटिव वातानुकूलित कुर्सीयान श्रेणी के डिब्बे होंगे.
