1509 धान के भाव में तेजी से किसानों के चेहरों पर छाई खुशियां, फटाफट चेक करें ताजा रेट

सोनीपत | हरियाणा की अनाज मंडियों में खरीफ फसलों की आवक रफ्तार पकड़ने लगी है. सोनीपत जिले की गोहाना मंडी की बात करें तो यहां रोजाना 7- 8 हजार क्विंटल धान की आवक हो रही हैं. इसमें अब और ज्यादा बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है. इस समय किसान अगेती किस्म ज्यादा जैसे 1509 और पीआर धान लेकर मंडी में पहुंच रहे हैं.

Dhan Paddy Mandi

भाव में उछाल से किसानों को राहत

1509 धान की किस्म के भाव की बात करें तो पिछले साल के मुकाबले इस बार सीजन की शुरुआत से ही ज्यादा मिल रहा है. पिछले साल किसानों को 1509 का भाव 2700 से 3 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक मिला था, लेकिन इस बार सीजन की शुरुआत 2880 से 3287 रुपए प्रति क्विंटल तक बिक्री हो रही है. भाव में 300 रुपए प्रति क्विंटल तक उछाल देखने को मिल रहा है. भाव में तेजी से किसानों को भी फायदा पहुंचेगा क्योंकि इस बार लगातार बारिश से पैदावार प्रभावित हुई है. ऐसे में ऊंचा भाव मिलने से कुछ हद तक आर्थिक नुकसान से बचा जा सकता है.

हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि गोहाना अनाज मंडी के अलावा धान की सरकारी खरीद के लिए गांव कासंडी में भी मंडी बनाई गई है. यहां किसान पीआर धान लेकर पहुंच रहे हैं, लेकिन अभी तक सरकारी खरीद शुरू नहीं हो पाई है. यहां हैफेड द्वारा पीआर धान खरीदी जाएगी.

किसानों के लिए जरूरी सूचना

हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड, गोहाना के सचिव सुरेश कुमार ने किसानों से आग्रह करते हुए कहा कि वह अपनी धान की फसल को अच्छी तरह से सुखाकर व साफ कर मंडी में लाएं, ताकि बिक्री में कोई समस्या न हो. ज़्यादा नमी होने पर एजेंसी धान नहीं खरीदती. सरकार द्वारा 17% नमी तक की छूट दी हुई है. उन्होंने बताया कि कासंडी गाँव के खरीद केंद्र पर भी जल्द ही पीआर धान की सरकारी खरीद शुरू की जाएगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.