हिसार | हरियाणा में यात्रियों की सुरक्षा एवं आगजमन को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लगातार प्रयास जारी है. इसके चलते हिसार रेलवे यार्ड में डबल वाशिंग लाइन के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. निर्माण के लिए पुरानी वाशिंग लाइन के पास साफ- सफाई का कार्य शुरू हो गया है. इसके बाद, नींव रखने के लिए जमीन खोदने का कार्य किया जाएगा.
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि डबल वाशिंग लाइन पर दो पिट लाइन, 4 स्टेब्लिंग लाइन, शंटिंग नेक, सिंक लाइन और मार्शलिंग लाइन तैयार की जाएगी, जिसमें लगभग डेढ़ साल का समय लगेगा और इसमें करीब 50 करोड़ का खर्च आएगा. नई वॉशिंग लाइन बनाने से हिसार को अतिरिक्त ट्रेनों की सुविधा मिलने की संभावना बढ़ जाएगी. सिक लाइन बनने से डिब्बों की साधारण मरम्मत आसानी से यही हो जाएगी.
ट्रेनों की मरम्मत में आसानी
स्टेशन पर केवल एक ट्रेन वॉशिंग लाइन होने के कारण ट्रेनों की धुलाई और मरम्मत के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है, जिससे संचालन पर असर पड़ता है. नई डबल वॉशिंग लाइन बनने के बाद ट्रेनों को वॉशिंग के लिए रुकना नहीं पड़ेगा. आमतौर पर एक ट्रेन की वॉशिंग एवं मरम्मत में 4 से 6 घंटे का समय लगता है तब वह ट्रेन लंबे समय के लिए रवाना हो पाती है. इसके बनने के बाद ट्रेनों को इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
यात्रियों को भी मिलेगी राहत
डबल वॉशिंग लाइन बनने से हिसार रेलवे स्टेशन से बीकानेर, हनुमानगढ़, दिल्ली, चंडीगढ़, यूपी, बिहार समेत 10 से अधिक पैसेंजर ट्रेनों का रास्ता खुल जाएगा. अब जो ट्रेने दूर- दराज के इलाकों में 5- 6 घंटे तक खड़ी रहती है, उन्हें हिसार में ही रोका जा सकेगा. इससे रेलवे को देशभर में कहीं भी ट्रेन चलाने में आसानी होगी. इसके बनने से लंबी दूरी की ट्रेनों को हिसार से जोड़ने की संभावनाएं बढ़ेगी.
