चंडीगढ़ | हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) ने हरियाणा में बिजली चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए है. अब बिजली चोरी करने वाले की सूचना देने पर वसूली का 10 % इनाम के रूप में शिकायत करने वाले को मिलेगा. निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे बिजली चोरी से संबंधित जानकारी गोपनीय रूप से देकर इस अभियान में अपना योगदान दे.
गोपनीय रखी जाएगी पहचान
निगम के प्रवक्ता ने बताया कि नागरिक अब बिजली चोरी की शिकायत निम्न माध्यमों से दर्ज करा सकते है. निगम का पोर्टल xyz.uhbvn.org.in, टोल फ्री नंबर 18001807332, whatapp No- 91 1551900, ई- मेल [email protected] पर शिकायत कर सकते है. शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी. शिकायतों पर एक सप्ताह के अंदर छापेमारी और जांच अनिवार्य रूप से की जाएगी, जिनकी निगरानी अधिकारियों की टीम करेगी.
बिजली चोरी रोकना लक्ष्य
प्रवक्ता ने जनता से अपील करते हुए कहा कि बिजली चोरी राज्य और राष्ट्र के विकास में बड़ी बाधा है. इस योजना का लक्ष्य बिजली चोरी रोकना और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देना है. लोगों की छोटी सी भागीदारी सूचना निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति कराने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है.
