PM फसल बीमा योजना के तहत 31 दिसंबर तक कराएं रबी फसलों का बीमा, जानें क्या रहेगी प्रीमियम राशि?

चंडीगढ़ | हरियाणा में किसानों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. बता दें कि PM फसल बीमा योजना के तहत किसान 31 दिसंबर तक अपनी रबी सीजन की फसलों गेहूं, सरसों आदि का बीमा करवा सकते हैं. इससे किसानों को प्राकृतिक आपदा आने पर होने वाले नुकसान की भरपाई होगी. जिला कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. अनिल सहरावत ने बताया कि रबी सीजन 2025-26 के लिए गेहूं, सरसों, जौ, चना और सूरजमुखी को बीमित फसलों की श्रेणी में शामिल किया गया है.

Kisan Fasal

यह रहेगी प्रीमियम राशि

डॉ. अनिल सहरावत ने बताया कि गेहूं के लिए 487.86 रुपए, सरसों के लिए 327.44 रुपए, सूरजमुखी के लिए 330.75 रुपए, जौ के लिए 310.91 रुपए और चना के लिए 239.79 रुपए प्रति एकड़ की प्रीमियम राशि निर्धारित की गई है. जिन किसानों को अपनी फसलों का बीमा करवाना है, वह अपने आधार कार्ड, बैंक पासबुक, नए भूमि रिकार्ड के अनुसार जमाबंदी, बिजाई का प्रमाण पत्र तथा मेरी फसल- मेरा ब्यौरा सहित संबंधित बैंक या CSC केंद्र के माध्यम से बीमा करवा सकते हैं.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में PG करने वाले डॉक्टरों के लिए खुशखबरी, बॉन्ड और ट्रांसफर से मिली राहत

उन्होंने बताया कि जिन किसानों ने फसल बोने के लिए बैंक से किसान क्रेडिट कार्ड पर लोन लिया हुआ है, उनकी फसल के लिए बीमा बैंक द्वारा अपने आप कर दिया जाएगा. ऐसे किसानों का प्रीमियम सीधा बैंकों से बीमा कंपनी को भेज दिया जायेगा.

24 दिसंबर तक करें यह काम

यह योजना सभी किसानों के लिए स्वैच्छिक है. डा. सहरावत ने बताया कि यदि कोई ऋणी किसान बीमा नहीं करवाना चाहता है तो उसे अपने ऋणदाता बैंक में कट आफ डेट से सात दिन पहले 24 दिसंबर तक लिखित घोषणा पत्र देना होगा. इसके अलावा, फसल परिवर्तन करवाने वाले किसान 29 दिसंबर तक अपने ऋणदाता बैंक में फसल परिवर्तन करवा सकते हैं.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.