चंडीगढ़ | हरियाणा में पिछले दिनों सोशल मीडिया पर कुछ अफवाह चल रही थी. सोशल मीडिया पर चल रही इस जानकारी के अनुसार यदि कोई उम्मीदवार हरियाणा में एक नौकरी ले लेता है तो उसका सीईटी स्कोर समाप्त हो जाएगा. पर हरियाणा में एक जॉब मिलने के बाद सीईटी (सामान्य पात्रता परीक्षा) का स्कोर जीरो होने को लेकर चल रही सूचनाओं पर हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने जानकारी साझा की है.
हरियाणा में फैल रही अफवाहें
आयोग की तरफ से कहा गया है कि उम्मीदवार किसी भी प्रकार की अफवाह पर कोई ध्यान ना दें. आयोग की तरफ से साफ कर दिया गया है कि एक नौकरी मिलने के बाद भी स्कोर वैलिड होगा. संबंधित अभ्यर्थी मौजूदा वेतनमान से ज्यादा वेतनमान वाली नौकरी में जा सकता है. इसके लिए डीटेल्ड इनफॉरमेशन को पब्लिक कर दिया गया है. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह की तरफ से बुधवार को बताया गया कि पिछले कुछ दिनों से इंटरनेट मीडिया में सीईटी स्कोर के बारे में अफवाहें फैलाई जा रही हैं.
युवाओं को किया जा रहा गुमराह
इसे लेकर युवाओं में भ्रम का वातावरण बन चुका है. सीईटी स्कोर से एक नौकरी मिलने के बाद स्कोर जीरो नहीं होगा. इसे गलत तरीके से प्रचार किया जा रहा है व युवाओं को गुमराह करने का काम किया जा रहा है. आयोग अध्यक्ष ने बताया कि सीईटी पालिसी के मुताबिक, यदि कोई अभ्यर्थी सीईटी स्कोर के आधार पर किसी पद पर ज्वाइन करता है तो ज्वाइन करने के 90 दिन बाद वह समान वेतनमान वाली नौकरी के लिए योग्य नहीं होगा यानि कि अगर कोई व्यक्ति सीईटी स्कोर के जरिए 60 हजार रुपये प्रतिमाह की नौकरी पर ज्वाइन करता है और उस पर वह 90 दिन काम करता है तो वह उतने ही वेतन वाली दूसरी नौकरी के लिए मान्य नहीं रहेगा.
HSSC ऑफिस आ सकते हैं उम्मीदवार
चेयरमैन की तरफ से साफ किया गया कि इस वेतनमान से ज्यादा वेतनमान वाली जितनी भी नौकरियां होंगी, उन सभी के लिए वह तब तक मान्य रहेगा जबतक सीईटी स्कोर मान्य है. कुछ लोगों ने ग्रुपों में अपने स्वार्थ के लिए अभ्यर्थियों के बीच में भ्रम फैलाया है जोकि सही नहीं है. अगर किसी भी अभ्यर्थी को और जानकारी चाहिए तो वह हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के ऑफिस में आ सकता है और मिल सकता है. इसके लिए आयोग के कर्मचारी व अधिकारी हमेशा मौजूद हैं.
