भिवानी | अगर आपका भी सपना है कि आप भारतीय सेना में शामिल हों और देश की सेवा करें तो आपके सामने एक सुनहरा मौका है. बता दें कि भिवानी जिले के भीम स्टेडियम में अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया जाना है. यह भर्ती 28 जनवरी से 12 फरवरी तक लगभग 16 दिनों तक आयोजित होगी. इस भर्ती प्रक्रिया में जिला भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी के युवा हिस्सा लें सकते है. संभावित है कि भर्ती में कुल 8800 युवा भाग लें सकते है, जिनमें करीबन 2000 युवा प्रदेश के अन्य जिलों से भी रहेंगे.
युवाओं का होगा ड्रग टेस्ट
सेना भर्ती 2025- 26 के तहत, अग्निवीर योजना और स्थायी श्रेणी में ऑनलाइन परीक्षा पास कर चुके उम्मीदवारों के लिए भीम स्टेडियम, भिवानी में शारीरिक दक्षता एवं मापदंड परीक्षा का आयोजन होगा. इस दौरान अभ्यर्थियों का मेजरमेंट, दस्तावेज़ जांच, मेडिकल फिटनेस टेस्ट और दौड़ होगी. इसके साथ ही, युवाओं का ड्रग टेस्ट भी होगा. सेना भर्ती कार्यालय चरखी दादरी के निदेशक कर्नल के. संदीप ने जानकारी दी कि भर्ती प्रक्रिया में भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी जिलों के युवाओं की प्रमुख हिस्सेदारी रहेगी.
सेना भर्ती कार्यालय चरखी दादरी के मुताबिक अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर क्लर्क, स्टोर कीपर टेक्निकल, अग्निवीर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेड्समैन में सामान्य प्रवेश परीक्षा पास कर चुके उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता एवं मापदंड परीक्षा के लिए भीम स्टेडियम में जाना होगा. भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को मूल दस्तावेजों के साथ- साथ एडमिट कार्ड भी अपने साथ लेकर आना होगा.
साथ लाने होंगे यह दस्तावेज
सभी युवा अपने साथ डाक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन के लिए 10वीं व 12वीं पास की मार्कशीट, ऑनलाइन निवास प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, पुलिस वेरिफिकेशन, एनसीसी, खेल प्रमाण पत्र, सेना से संबंधित प्रमाण पत्र जैसे रिलेशन सर्टिफिकेट और एडमिट कार्ड व अन्य सभी जरूरी दस्तावेज साथ लेकर जाएं. इसकी जानकारी लिखित परीक्षा में कामयाब हुए उम्मीदवारों को पंजीकृत ईमेल आईडी के जरिए भेज दी गई है. भर्ती में शामिल होने वाले युवाओं को भीम स्टेडियम तक आने- जाने के लिए बस स्टैंड या रेलवे स्टेशन तक बस सुविधा दी जाएगी. स्टेडियम में बिना किसी परेशानी से बिजली और पेयजल की आपूर्ति रहेगी.
