चंडीगढ़ | हरियाणा में किसानों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, हिसार की ओर से किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से साल 2025- 26 में SMAM योजना के तहत विभिन्न कृषि यंत्रों और मशीनों पर 50% तक सब्सिडी राशि का लाभ दिया जाएगा.
16 फरवरी तक करें आवेदन
उप कृषि निदेशक डॉ. राजबीर सिंह ने बताया कि इस योजना के तहत कुल 25 तरह के आधुनिक कृषि उपकरणों एवं मशीनों पर सब्सिडी दी जाएगी. इस योजना का लाभ उठाने के लिए किसान कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल agriharyana.gov.in पर 16 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
उन्होंने बताया कि योजना के लिए आवेदन निर्धारित लक्ष्य से अधिक होते हैं तो कृषि यंत्रों का चयन जिला उपायुक्त की अध्यक्षता में गठित जिला कार्यकारी कमेटी द्वारा ड्रॉ के माध्यम से किया जाएगा. चयनित किसान विभागीय पोर्टल पर पंजीकृत अपनी पसंद के कृषि यंत्र निर्माता से मोलभाव कर कृषि यंत्र खरीद सकता है.
पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन अनिवार्य
डॉ. राजबीर सिंह ने बताया कि इस योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसानों को मेरी फसल- मेरा ब्योरा पोर्टल पर रबी 2024 और खरीफ 2025 की फसल का रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा. उन्होंने बताया कि आधुनिक यंत्रों के उपयोग से फसल उत्पादन में बढ़ोतरी और समय की बचत होगी. इससे किसानों की आमदनी में इजाफा होगा. खेती करने में सहूलियत बढ़ेगी.
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार किसानों को नई तकनीक से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने और मजदूरी खर्च करने के लिए निरंतर नए प्रयास कर रही है. ऐसे में यह योजना किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी.
