चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार की तरफ से ग्रुप डी पदों के लिए एक अहम फैसला लिया गया है. हरियाणा में ग्रुप डी भर्ती नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है. हरियाणा सरकार की तरफ से ग्रुप ‘डी’ कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया को और ज्यादा पारदर्शी तथा मेरिट आधारित बनाने की दिशा में अहम संशोधन किया गया है. अब ग्रुप ‘डी’ पदों पर नियुक्ति के लिए उम्मीदवारों को पूरी तरह सामान्य पात्रता परीक्षा (CET) के आधार पर चयनित किया जाएगा.
सीईटी अंकों पर होगा चयन
जैसा कि आप सब जानते हैं हरियाणा में ग्रुप सी व डी की सरकारी नौकरियों के लिए सामान्य पात्रता परीक्षा यानी सीईटी को अनिवार्य किया गया है. ग्रुप सी के लिए सीईटी प्री के बाद मेंस परीक्षा होती है जबकि ग्रुप डी के पदों पर सीईटी स्कोर के आधार पर ही नियुक्ति की जाएगी. सरकार द्वारा फैसला लिया गया है कि जिन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक से कम निर्धारित की गई है, उन्हें छोड़कर अन्य सभी पदों पर उम्मीदवारों को पूरी तरह सीईटी में प्राप्त अंकों के आधार पर सिलेक्ट किया जाएगा.
अधिसूचना जारी
ऐसे में सामाजिक- आर्थिक आधार पर अतिरिक्त अंकों को समाप्त कर दिया गया है. मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से इस बारे में नोटिफिकेशन जारी किया गया है. यह संशोधन हरियाणा ग्रुप ‘घ’ कर्मचारी (भर्ती तथा सेवा शर्तें) अधिनियम 2018 की धारा 26 के तहत हुआ है, जो राजपत्र में प्रकाशन की तिथि से प्रभावी रहेगा. अधिसूचना के मुताबिक अधिनियम की द्वितीय अनुसूची को बदलकर कर नई चयन व्यवस्था लागू की गई है. नई व्यवस्था के अंतर्गत, ग्रुप डी CET का कुल स्कोर 100 प्रतिशत सीईटी अंकों पर आधारित रहेगा. परीक्षा का सिलेबस 2 भागों में बांटा जाएगा.
मेट्रिक लेवल की होगी परीक्षा
पहले भाग में 75 प्रतिशत अंक सामान्य जागरुकता, तर्कशक्ति, मात्रात्मक योग्यता अंग्रेजी, हिंदी तथा संबंधित विषयों के रहेंगे. दूसरे भाग में 25 प्रतिशत अंक हरियाणा के इतिहास, समसामयिक घटनाओं, साहित्य, भूगोल, पर्यावरण और संस्कृति से जुड़ें होंगे. परीक्षा का लेवल दसवीं कक्षा के अनुरूप होगा.
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की तरफ से ग्रुप सी सीईटी का आयोजन किया जा चुका है और आगे की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. जल्द ही, ग्रुप डी सीईटी के लिए नोटिफिकेशन जारी होगा. अभी तक हरियाणा में एक बार ग्रुप डी सीईटी आयोजित किया गया है.
