हिसार | हरियाणा के हिसार में स्थित उत्तरी क्षेत्र कृषि मशीनरी प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान (टीटीसी केंद्र) में तीन दिवसीय कृषि दर्शन प्रदर्शनी का सफल आयोजन हुआ. इस कृषि मेले में एक से बढ़कर एक कई नई कृषि मशीनरी को प्रदर्शित किया गया जो किसानों के लिए बेहद फायदेमंद बताई गई है.
खारे पानी को बना देगी मीठा
हिसार में आयोजित हुई कृषि मेले में हॉलैंड की एक इंटर-ट्रेंचिंग मशीन को प्रदर्शित किया गया जो खारे पानी की जमीन को भी उपजाऊ भूमि बनाने का काम करेगी. इस ट्रेचिंग मशीन की कीमत 2 करोड़ रुपए है.
इस मशीन के जरिए जिस कृषि भूमि में करीब 7 मीटर तक खारा पानी होता है, उस जमीन को मीठे पानी में तब्दील किया जा सकता है. इस मशीन के जरिए एक खास तरह के पाइप जमीन के अंदर 7 मीटर की गहराई तक डाले जाते हैं. एक एकड़ जमीन में करीब 500 मीटर पाइप डलता है.
यह पाइप सामान्य पाइप की तुलना में अलग होता है. इसमें पानी धीरे-धीरे जमीन में रिसता है. इस पाइप के जरिए धीरे-धीरे पानी में से नमक निकालकर पाइप के रास्ते बाहर निकल जाता है. जितनी गहराई तक पाइप लगाया जाता है.
तूड़ी अलग करने की आई मशीन
इस कृषि मेले में एक जर्मन कंपनी ने तूड़ी को अलग करने की मशीन प्रदर्शित की. स्टार रोपर नामक इस मशीन की कीमत 3.25 लाख रुपए पेश की गई है. जर्मन तकनीक की इस मशीन से अन्य मशीनों की तुलना में तूड़ी निकालने का काम जल्दी हो जाता है.
एक खेत में ले सकेंगे 3 तरह की फसलें
इस कृषि मेले में न्यूमेटिक प्लांटर नाम का एक कृषि यंत्र किसानों को खूब पसंद आया. इस कृषि यंत्र से एक खेत में तीन तरह की फसलें ली जा सकती है. इस मशीन से खेतों में बिजाई का काम होगा. खास बात है कि यह मशीन एक बीज से दूसरे बीज की दूरी को पूरी तरह से मेंटेन करती है. मशीन में दूरी को निर्धारित करने के बटन दिए गए है और साथ ही एलईडी भी दी गई है, जिसमें निर्धारित दूरी का पैमाना दिखता है.
नई सबमर्सिबल मोटर लांच
हरियाणा में पहली बार कृषि मेले के माध्यम से 500 हार्सपावर की सबमर्सिबल मोटर को पेश किया गया. माइनिंग और जहां जलस्तर काफी गहराई में हैं, वहां पर इस मोटर को इस्तेमाल किया जा सकेगा. यह USA का ब्रांड हैं. भारत में अभी तक किसी भी कंपनी ने इस तरह की मोटर नहीं बनाई है. यह मशीन जमीन से साढ़े 10 हजार लीटर पानी प्रति मिनट निकाल सकती है. यह 216 मीटर की गहराई तक जमीन से पानी खींच सकती है.
