चंडीगढ़ | ग्रुप सी के सीईटी के बाद अब हरियाणा में जल्द ही ग्रुप डी CET का आयोजन किया जाएगा. राज्य सरकार ने चतुर्थ श्रेणी (ग्रुप डी) की भर्तियों के लिए सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) कराने का फैसला ले लिया है. जरूरी औपचारिकताएं पूरी हों जाएंगी. अगले हफ्ते तक आवेदन करने के लिए पोर्टल ओपन कर दिया जाएगा. पिछली बार यह परीक्षा साल 2023 में हुई थी.
15 लाख से ज्यादा युवा कर रहे इंतजार
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने स्वयं इंटरनेट मीडिया अकाउंट फेसबुक पर यह जानकारी शेयर की है. उन्होंने युवाओं को जरूरी दस्तावेज तैयार रखने का आह्वान किया है. राज्य में 15 लाख से ज्यादा युवा ग्रुप डी पदों के सीईटी के लिए प्रतीक्षा कर रहे हैं. प्रदेश सरकार की तरफ से कहा गया था कि हर साल सीईटी होगा, मगर पिछले 4 सालों में सिर्फ दो बार सीईटी हो पाया है.
चेयरमैन हिम्मत सिंह की तरफ से सोमवार को इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर लिखा गया कि अभ्यर्थियों द्वारा सीईटी ग्रुप डी परीक्षा को लेकर निरंतर अनुरोध मिल रहे थे.
जल्द खुलेगा आवेदन पोर्टल
उन सभी अभ्यर्थियों को यह बताते हुए काफी हर्ष हो रहा है कि उनका इंतजार जल्द ही खत्म होने जा रहा है. आयोग सीईटी ग्रुप डी का आवेदन पोर्टल खोलने के लिए अमेंडमेंट नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहा था. अब आयोग को अमेंडमेंट नोटिफिकेशन मिल चुकी है. ऐसे में बहुत जल्द ही आवेदन पोर्टल खोल दिया जाएगा.
ग्रुप डी भर्तियां अब सीईटी अंकों के आधार पर होंगी. इससे पहले सामाजिक आर्थिक मानदंड के आधार पर अतिरिक्त अंक दिए जाते थे. फिलहाल, सामाजिक- आर्थिक आधार पर अतिरिक्त अंकों को समाप्त कर दिया गया है.
सीईटी स्कोर पर होगा चयन
जिन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं से कम तय है, उन्हें छोड़कर अन्य सभी पदों पर सीईटी में प्राप्त अंकों पर सिलेक्शन आधारित होगा. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की तरफ से ग्रुप सी के लिए CET का पिछले वर्ष किया गया था. ग्रुप सी सीईटी के बाद सभी उम्मीदवारों को ग्रुप डी सीईटी का इंतजार था. ऐसे में ग्रुप डी की तैयारी करने वाले युवाओं को एक अच्छी खबर मिली है. ग्रुप डी सीईटी के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी. ग्रुप डी के अन्य कोई मुख्य परीक्षा नहीं होगी तथा उम्मीदवारों को सीईटी स्कोर के आधार पर नौकरी दी जाएगी.
