नई दिल्ली | चार साल के कार्यकाल के बाद सेना छोड़ने वाले अग्निवीरों तथा सेना से सेवानिवृत होने वाले सैनिकों के लिए एक अच्छी खबर है. भारतीय रेलवे और भारतीय सेना की तरफ से पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों के लिए रिटायरमेंट के बाद रोजगार के मोकों में बढ़ोतरी करने के उद्देश्य से एक नये सहयोग ढांचे की शुरुआत की गई है. इस नई पहल के तहत पूर्व सैनिकों और पूर्व अग्निवीरों को रिजर्वेशन दिया जाएगा.
रेलवे का नया कदम राहत भरा
अग्निवीरों के पहले बैच का कार्यकाल इस वर्ष खत्म होने वाला है. इसे देखते हुए सेना व रेलवे ने यह पहल की है. यह नया कदम इनको राहत देने वाला है. सेना द्वारा सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी दी गई है. रिक्तियों को जल्दी भरने के लिए रेलवे ने नियमित भर्ती प्रक्रिया पूरीहोने तक संविदा आधार पर पूर्व सैनिकों को पॉइंट्समैन के रूप में नियुक्त करने का निर्णय किया है. 5 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है. 9 मंडलों ने इसके लिए सेना संगठनों के साथ समझौता ज्ञापन पर साइन किए हैं.
इस प्रकार मिलेगा आरक्षण
अगर रिजर्वेशन की बात करें तो पूर्व सैनिकों के लिए लेवल- 1 में 20% व लेवल- 2 व उससे ऊपर 10% आरक्षण दिया जाएगा. वहीं, पूर्व अग्निवीरों के लिए लेवल- 1 में 10% व लेवल- 2 व उससे ऊपर 5% आरक्षण निर्धारित किया गया है. इस प्रकार पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों के लिए यह एक अच्छा फैसला है.
भारतीय रेल की नीतियों का अहम भाग
अपनी पोस्ट में रेलवे ने बताया कि काफी संख्या में सैनिक, नाविक और वायुवैनिक अपेक्षाकृत कम उम्र में पर्याप्त अनुभव और प्रबंधकीय क्षमता के साथ रिटायर होते हैं. सेवानिवृत्त कर्मियों का कल्याण भारतीय रेल की नीतियों का महत्वपूर्ण भाग है.
वर्ष 2024 और 2025 में रेलवे की वेकन्सी में पूर्व सैनिकों के लिए कुल 14,788 पद अधिसूचित किए गए जिनमें लेवल- 1 के 6,485 और लेवल- 2 व उससे ऊपर के 8,303 पद शामिल हैं. इन पदों पर रेलवे भर्ती केंद्र (RRC) और रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) के जरिए भर्ती की जाती है.
