धान सीजन में हरियाणा के किसानों को मिलेगी स्थिर बिजली आपूर्ति, खेतों लगेंगे करीब 3 हजार नए ट्रांसफार्मर

कैथल | हरियाणा के कैथल जिले से किसानों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां बिजली विभाग ने किसानों को धान सीजन से पहले राहत देने की योजना बनाते हुए खेतों में 2847 नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने की तैयारियां शुरू कर दी है. बिजली विभाग ने बताया कि जून महीने तक इस कार्य को पूरा कर लिया जाएगा. इससे ओवरलोडिंग की समस्या से छुटकारा मिलेगा और बार- बार ट्रांसफार्मर खराब होने की घटनाओं पर अंकुश लगेगा.

Transfermer Bijli

लोड के हिसाब से लगेंगे ट्रांसफार्मर

बिजली निगम के अधीक्षक अभियंता सोमबीर भालोठिया ने बताया कि इस योजना के तहत 20 kV, 25 kV, 63 kV और 100 kV क्षमता के ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे जहां जितना लोड होगा, वहां उसी क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा ताकि सिंचाई के दौरान किसानों को सुचारू बिजली आपूर्ति मिलती रहे.

उन्होंने बताया कि गर्मियों और धान सीजन के दौरान ट्यूबवेलों से सिंचाई के लिए बिजली की मांग कई गुना बढ़ जाती है. ऐसे में लोड ज्यादा होने के चलते ट्रांसफार्मर जलने की घटनाएं बढ़ जाती है जिससे बिजली आपूर्ति बाधित होती है. इसका सीधा असर किसानों की फसलों पर पड़ता है. अब नए ट्रांसफार्मर लगाए जाने के बाद लाइन लॉस में भी कमी आएगी. साथ ही, वोल्टेज समस्या से निजात मिलेगी. बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर व भरोसमंद बनेगी.

उपभोक्ताओं ने किए थे आवेदन

बिजली विभाग ने बताया कि साल 2023- 25 के बीच बड़ी संख्या में किसानों और उपभोक्ताओं ने लोड बढ़वाकर नए ट्रांसफार्मर लगाने के लिए आवेदन किए थे. इन आवेदनों की समीक्षा के बाद प्राथमिकता सूची तैयार की गई है. जिन क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर अत्यधिक खराब स्थिति में पाए गए या जहां लोड क्षमता से ज्यादा था, वहां पहले ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे. कलायत व राजौंद क्षेत्र के खेतों में सबसे ज्यादा ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे क्योंकि इन क्षेत्रों में सिंचाई के लिए बड़ी संख्या में किसान ट्यूबवेल पर निर्भर करते हैं.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.