नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बढ़ती पार्किंग समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है. बता दें कि दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने शहर के 5 प्रमुख इलाकों में मल्टीलेवल पार्किंग बनाने की योजना को मंजूरी दे दी है. अब राजधानी में “गाड़ी कहां खड़ी करे” जैसी रोजमर्रा की टेंशन जल्द खत्म हो जाएगी.यह कदम न केवल पार्किंग समस्या दूर करेगा, बल्कि दिल्ली के ट्रैफिक प्रबंधन को भी नई दिशा देगा.

5 प्रमुख इलाके शामिल
DDA के इस फैसले के तहत कड़कड़डूमा, ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेज- 1, दिलशाद गार्डन, द्वारका और सैनी एन्क्लेव में आधुनिक मल्टीलेवल पार्किंग सुविधाएं विकसित की जाएंगी. इन सभी परियोजनाओं के लिए भूमि की ई- नीलामी शुरू कर दी है जिससे निर्माण कार्य को तेजी मिल सके.
यह पूरी परियोजना लगभग 11,048 वर्ग मीटर के कुल क्षेत्रफल में फैली होगी. इन पांचों पार्किंग परियोजनाओं की कुल क्षमता करीब 1261 कारों की होगी. इससे अलग- अलग स्थानों पर पार्किंग स्पेस का वितरण तय कर दिया गया है जिससे शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों का दबाव कम किया जा सके.
ट्रैफिक जाम होगा नियंत्रित
DDA अधिकारियों का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य न केवल पार्किंग की समस्या को दूर करना है बल्कि ट्रैफिक जाम को भी कम करना है जिससे राजधानी में यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके. पार्किंग के साथ- साथ यहां दुकानें या कार्यालय भी बनाए जाएंगे ताकि लोगों को एक ही जगह पर कई विकल्प मिल सके. DDA ने यह प्रोजेक्ट आने वाले 3 सालों में पूरा करने का लक्ष्य रखा है.