नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लोगों को जल्द ही ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलने वाली है. बता दें कि दिल्ली सरकार ने राजधानी में दिल्ली – गाजियाबाद जीटी रोड पर ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए नए फ्लाईओवर बनाने की योजना बनाई है. इसके लिए जल्द ही लोक निर्माण विभाग (PWD) सर्वे करेगा. दिल्ली सरकार राजधानी में जाम की समस्या को कम करने के लिए लगातार इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार पर काम कर रही है.

इन जगहों पर होगा काम
इस फ्लाईओवर को शाहदरा फ्लाईओवर और दूसरी ओर अप्सरा फ्लाईओवर से जोड़ने का प्रस्ताव है. इसके साथ ही, दिलशाद गार्डन जाने वाले लोगों के लिए झिलमिल मेट्रो स्टेशन के पास एक लूप दिया जाएगा जिससे वे नीचे उतरकर सीधे रास्ते तक पहुंच सकेंगे और गाजियाबाद जाने वाले वाहन सीधा निकल जाएंगे. अगर यह फ्लाईओवर बन जाता है तो झिलमिल रेड लाइट और चिंतामणी रेड लाइट के पास लगने वाले ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा.
दूसरा प्रस्ताव सीमापुरी अंडरपास से लेकर गाजियाबाद के शालीमार गार्डन तक एलिवेटेड रोड बनाने का है. इससे सीमापुरी गोल चक्कर व उससे अगले हिस्से में लगने वाले जाम को खत्म किया जा सकेगा. यहां कबाड़ियों और अस्थायी कब्जो के कारण ट्रैफिक जाम ज्यादा होता है, दूसरा यहां साधनों का दबाव भी कम होता है.
ट्रैफिक जाम भारी समस्या
जीडी रोड पर अलग- अलग तरह के वाहन गुजरते है, क्योंकि दिल्ली से यूपी में प्रवेश का यह सबसे अहम मार्ग है. यहां सुबह और शाम बड़ी संख्या में कमर्शियल और निजी वाहन गुजरते है, जिससे यहां लंबे समय तक जाम लग जाता है. झिलमिल मेट्रो स्टेशन और चिंतामणि लाल बत्ती के पास फ्लाईओवर खत्म होते हुए यहां वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है जिससे लोगों को भारी जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है. बढ़ती आबादी और वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दिल्ली सरकार ने यहां नए फ्लाईओवर बनाने की योजना बनाई है.