नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बढ़ती भीषण गर्मी के बीच यात्रियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने यात्रियों को गर्मी से राहत दिलाने के लिए ‘जलदूत’ पहल की शुरूआत की है. इस पहल के अनुसार बस यात्रियों और राहगीरों को मुफ्त पीने का ठंडा और शुद्ध पानी उपलब्ध कराया जा रहा है.

23 बस टर्मिनलों पर जल दूत सेवा
दिल्ली सरकार के हीट एक्शन प्लान के अंतर्गत शुरू की गई इस योजना के तहत राजधानी के 23 प्रमुख बस टर्मिनलों पर जलदूत तैनात किए गए है. ये जलदूत लोगों को RO का ठंडा पानी मुफ्त उपलब्ध करा रहे है. इसके साथ ही करीब 3 हजार से अधिक DTC बसों में पीने के पानी की व्यवस्था की गई है ताकि सफर के दौरान यात्रियों को गर्मी से राहत मिल सके.
रोजाना यात्रा करने वालों को मिलेगी राहत
सरकार की इस पहल का उद्देश्य आम जनता, खासकर रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को भीषण गर्मी से तुरंत राहत प्रदान करना है, क्योंकि तेज गर्मी के दौरान सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने वाले लोग सबसे अधिक प्रभावित होते है. इसके लिए यह जलदूत सुविधा बेहद जरूरी है. इस जलदूत सेवा को पिछले साल पहली बार लागू किया गया था, जिसे लोगों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी. इसी सफलता को देखते हुए इसे इस साल ओर व्यापक रूप में शुरू किया गया है ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके.
दिल्ली सरकार द्वारा भीषण गर्मी के बीच ‘जलदूत’ पहल की शुरुआत, 23 बस टर्मिनलों पर मुफ्त पेयजल सेवा और 3000 DTC बसों में पानी की व्यवस्था। यात्रियों की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता। pic.twitter.com/lfziICKZ7R
— Delhi Government (@DelhiGovDigital) May 2, 2026
इस समय दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी पड़ रही है. सूर्य की तपिश और गर्म हवाओं के थपेड़ो ने आमजन का हाल- बेहाल कर दिया है. ऐसे मौसम में खासकर सफर के दौरान पीने के ठंडे पानी की जरूरत बहुत महत्वपूर्ण हो जाती है. दिल्ली सरकार की इस पहल से निश्चित तौर पर यात्रियों को फायदा पहुंचेगा.