नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जल्द ही सड़कों का कायाकल्प होने जा रहा है. बता दें कि दिल्ली सरकार ने राजधानी में स्थित राजघाट- शांति वन के बीच रिंग रोड के सौंदर्यकरण और सुधार के लिए योजना बनाई है. इस योजना के तहत PWD राजघाट क्षेत्र की सड़कों का कायाकल्प करेगा. इस योजना के लिए सरकार ने करीब 96 लाख रुपए को मंजूरी दे दी है.

रोशनी से जगमगाएगी सड़कें
PWD अधिकारियों के अनुसार, यह परियोजना न केवल सड़क की मरम्मत तक सीमित रहेगी बल्कि पूरे क्षेत्र की सौंदर्यकरण और आधारभूत ढांचे को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया जाएगा. इसके तहत, सड़क किनारे बेहतर रोशनी, सजावटी स्ट्रीट लाइटें, हरियाली कार्य और आधुनिक LED लाइट व्यवस्था लगाई जाएगी जिससे रात के समय दृश्यता और सुरक्षा दोनों में सुधार होगा.
इस क्षेत्र की यह दूसरी परियोजना
इस क्षेत्र के लिए सरकार द्वारा यह दूसरी परियोजना की शुरुआत की गई है. इस साल की शुरूआत में PWD ने शांति वन क्रासिंग और राजघाट क्रासिंग के बीच ट्रैफिक जाम करने के लिए सिग्नल- फ्री कारिडोर बनाने की योजना भी बनाई गई है. PWD विभाग इस मार्ग को सिग्नल- फ्री बनाने के लिए यू- टर्न आधारित ट्रैफिक सिस्टम पर काम कर रहा है, जिससे जाम की समस्या कम होगी और वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से होगी.
यह क्षेत्र देश- विदेश के पर्यटकों और VIP आवागमन के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है क्योंकि यहां महात्मा गांधी की समाधि राजघाट और पंडित जवाहरलाल नेहरू का स्मारक शांति वन स्थित है. ऐसे में सरकार इस पूरे क्षेत्र को अधिक आकर्षक और व्यवस्थित ढंग से बनाने की दिशा में काम कर रही है.