किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर की खरीद पर 5 लाख रुपए सब्सिडी देगी हरियाणा सरकार

चंडीगढ़ | हरियाणा में किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. सूबे की नायब सैनी सरकार ने किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है. खाड़ी देशों में जारी तनाव के चलते देश में पैदा हुए ईंधन संकट को देखते हुए प्रदेश सरकार ने किसानों को इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर की खरीद पर 5 लाख रुपए की सब्सिडी राशि देने का फैसला लिया है.

Electric tractor

इस संबंध में प्रदेश सरकार इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर बनाने वाली कंपनियों के अधिकारियों से बात कर रही है कि वे हरियाणा में अपना प्लांट स्थापित करें, जिससे किसानों को नया ट्रैक्टर और उससे जुड़े उपकरण खरीदने में आसानी हो सके. इससे दूसरे राज्य का लगने वाला टैक्स नहीं लगेगा और उत्पाद सस्ता पड़ेगा.

डेमो से संतुष्ट दिखे हरियाणा सरकार के मंत्री

इस नई योजना को धरातल पर अमलीजामा पहनाने के उद्देश्य से उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर बनाने वाली कई कंपनियों के साथ बातचीत की है और एक कंपनी की ओर से 45 हार्सपावर वाले इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर का डेमो भी देखा. ट्रैक्टर ने रोटोवेटर लगाकर खेत की जोताई की.

करीब 15 लाख रुपए कीमत

किसानों में इस बात को लेकर संशय है कि इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर जोताई में इस्तेमाल किए जाने वाले हल रोटावेटर का लोड नहीं उठा पाएगा. वहीं, ट्राली का लोड खींचने में भी असक्षम होगा लेकिन डेमो में ऐसी कोई बात सामने नहीं आई. इसके बाद, राज्य सरकार ने इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर की खरीद पर 5 लाख रुपए सब्सिडी राशि देने का दावा किया है.

यह भी पढ़े -  तिरुपति जाने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी, नई साप्ताहिक एक्सप्रेस का संचालन शुरू

कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने बताया कि 45 हॉर्स पावर वाले इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर की कीमत करीब 15 लाख रुपए हैं. इसके 2 लाख रुपए कीमत कम कराने में सरकार प्रयास कर रही है. जिसके बाद किसानों को यह ट्रैक्टर 13 लाख रुपए में पड़ेगा. इसपर 5 लाख रुपए सरकार सब्सिडी राशि देगी तो किसानों को 8 लाख रुपए ही देने होंगे.

हमने इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर का डेमो देखा है, जिसके बाद निर्माता कंपनियों से बातचीत को आगे बढ़ा रहे हैं. इससे किसानों को महंगे डीजल से छुटकारा मिलेगा. ट्रैक्टर की बैटरी को किसान अपने घर पर ही चार्ज कर सकेंगे- राव नरबीर सिंह, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री, हरियाणा सरकार

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.