चंडीगढ़ | हरियाणा में लाखों गरीब परिवार हर महीने राशन डिपो से मिलने वाले सामान पर निर्भर रहते हैं. गेहूं और चीनी के साथ सरसों तेल भी इन परिवारों के लिए काफी काम का होता है. पिछले कुछ समय से सरसों तेल के वितरण को लेकर लाभार्थियों को इंतजार करना पड़ रहा था. अब प्रदेश के करीब 39.89 लाख BPL और AAY परिवारों के लिए इससे जुड़ा बड़ा अपडेट सामने आया है.
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने अगस्त, सितंबर और अक्टूबर महीने के सरसों तेल की सप्लाई और वितरण को लेकर पूरी प्रक्रिया तय कर दी है. योजना के मुताबिक, 21 अक्टूबर 2026 से लाभार्थियों को राशन डिपो के जरिए तेल बांटना शुरू किया जा सकेगा.
मिलेगा सरसों तेल
बता दें कि इसकी खास बात यह है कि अबकी बार सरसों तेल की पैकिंग में भी बदलाव किया गया है. अब लाभार्थियों को 500 ML और 1 लीटर के पैक में सरसों तेल उपलब्ध कराया जाएगा. तीन महीने की जरूरत को देखते हुए करीब 104 लाख लीटर तेल की व्यवस्था की जानी है. इसमें अगस्त के लिए 30 लाख लीटर और सितंबर व अक्टूबर के लिए 37-37 लाख लीटर सरसों तेल की जरूरत बताई गई है.
21 अक्टूबर से शुरू होगा वितरण
अब सप्लाई की बात करें तो 10 से 15 अक्टूबर के बीच सभी जिलों में कानफेड के फोकल प्वाइंट्स तक तेल पहुंचाने की तैयारी है. इसके बाद 15 से 20 अक्टूबर के बीच परिवहन ठेकेदार इसे राशन डिपो तक पहुंचाएंगे. सारी प्रक्रिया तय समय पर पूरी होने के बाद 21 अक्टूबर से लाभार्थियों को सरसों तेल मिलना शुरू हो सकेगा. विभाग ने यह भी साफ किया है कि सप्लाई के दौरान सरसों तेल की कोई भी बोतल खुली हुई नहीं होनी चाहिए.
| माह | सरसों तेल की मात्रा | बोतलों की मात्रा |
|---|---|---|
| अगस्त | 30 लाख लीटर | करीब 8 लाख 500 एमएल व 26 लाख एक लीटर बोतल |
| सितंबर | 37 लाख लीटर | करीब 10 लाख 500 एमएल व 32 लाख एक लीटर बोतल |
| अक्टूबर | 37 लाख लीटर | करीब 10 लाख 500 एमएल व 32 लाख एक लीटर बोतल |
हर महीने ऐसे पहुंचेगा तेल
आगे तेल की सप्लाई समय पर होती रहे इसके लिए भी शेड्यूल बनाया गया है. हर महीने अगले महीने की जरूरत के हिसाब से 20 से 25 तारीख के बीच तेल की मांग भेजी जाएगी. इसके बाद 25 से 30 तारीख तक राशन डिपो पर सप्लाई पहुंचाने की व्यवस्था रहेगी.
