झज्जर | हरियाणा में खेती-किसानी के बदलते तरीकों के बीच किसान अब परंपरागत फसलों के साथ फूलों की खेती में भी संभावनाएं तलाश रहे हैं। लेकिन सही जानकारी और आधुनिक तकनीकों की कमी के कारण कई किसान इसकी शुरुआत नहीं कर पाते। ऐसे किसानों के लिए अब एक अच्छा मौका सामने आया है। झज्जर जिले में पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

झज्जर के मुनीमपुर स्थित पुष्प एवं बीज उत्पादन तकनीकी उत्कृष्टता केंद्र में 26 से 30 अक्टूबर 2026 तक किसानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस कार्यक्रम में कुल 10 किसानों को शामिल किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें बागवानी विभाग की योजनाओं और फूलों की उन्नत खेती से जुड़ी तकनीकों की जानकारी मिलेगी।
किसानों को मिलेगी ट्रेनिंग
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को फूलों की खेती के आधुनिक तरीकों से परिचित कराना है। इसके साथ ही बागवानी से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। कार्यक्रम में केवल 10 किसानों के लिए स्थान निर्धारित किए गए हैं। ऐसे में इच्छुक किसानों को तय समय के भीतर अपना पंजीकरण कराना होगा। प्रशिक्षण में भाग लेने के इच्छुक किसान 23 अक्टूबर 2026 को दोपहर 2 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
इसके लिए हरियाणा बागवानी विभाग के कौशल पोर्टल kaushal.hortharyana.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। वहीं, आवेदन करने वाले किसानों को सलाह है कि वे पंजीकरण के दौरान अपनी जानकारी सही भरें और प्रशिक्षण से संबंधित निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें।