चंडीगढ़ | दिल्ली से चंडीगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश जाने वाले लोगों को जल्द ही ट्रैफिक जाम से राहत मिल सकती है। खासकर जीरकपुर और डेराबस्सी के व्यस्त रास्तों से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए एक नया विकल्प तैयार हो रहा है। बता दें कि अंबाला-मोहाली ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का अंबाला से मोहाली आईटी सिटी चौक तक का हिस्सा 15 दिसंबर को खोलने की तैयारी है।

करीब 121 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से अंबाला और मोहाली के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा। इस रास्ते से दिल्ली-चंडीगढ़ के सफर में करीब 40 से 50 मिनट तक की बचत होने का अनुमान है।
जाम से मिलेगी राहत
अभी अंबाला से चंडीगढ़ और मोहाली जाने वाले वाहन चालकों को जीरकपुर और डेराबस्सी के आसपास अक्सर जाम का सामना करना पड़ता है। खासकर सप्ताहांत और व्यस्त समय में वाहनों की संख्या बढ़ने से सफर लंबा हो जाता है। एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद यात्रियों को इन भीड़भाड़ वाले रास्तों से बचने का ऑप्शन मिलेगा।
पहले से खुला दूसरा हिस्सा
इस एक्सप्रेसवे का मोहाली आईटी सिटी से कुराली तक करीब 31 किलोमीटर लंबा हिस्सा पहले से ही वाहनों के लिए खुला है। अंबाला-मोहाली वाला हिस्सा शुरू होने के बाद दोनों मार्ग आपस में जुड़ जाएंगे। इससे मोहाली, खरड़, कुराली और रूपनगर की ओर जाने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
हिमाचल जाने वालों का भी बचेगा समय
दिल्ली से शिमला और मनाली जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह मार्ग उपयोगी साबित हो सकता है। अंबाला से मोहाली होते हुए कुराली और आगे रूपनगर तथा कीरतपुर साहिब की ओर जाना आसान होगा। इससे पंजाब और हिमाचल प्रदेश की ओर जाने वाले वाहन चालकों को बेहतर सड़क संपर्क मिलने की उम्मीद है।