ज्योतिष डेस्क | दिवाली पर घरों में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा की तैयारियां शुरू हो जाती हैं। बाजार से पूजा की मूर्तियां खरीदते समय भी लोग दोनों को एक साथ चुनते हैं लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि धन और समृद्धि की देवी मां लक्ष्मी के साथ भगवान विष्णु की जगह गणेश जी की पूजा क्यों की जाती है? इसके पीछे धार्मिक मान्यताओं के साथ एक दिलचस्प पौराणिक कथा भी जुड़ी हुई है।

बता दें कि ज्योतिषी चंद्रेश शर्मा के अनुसार, दिवाली पर मां लक्ष्मी के साथ भगवान गणेश की पूजा करने के पीछे धन और बुद्धि के संतुलन का विशेष महत्व है। मां लक्ष्मी को धन, वैभव और सुख-समृद्धि का प्रतीक माना जाता है, जबकि गणेश जी बुद्धि, विवेक और शुभता के देवता हैं।
धन के साथ बुद्धि जरूरी
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, केवल धन प्राप्त करना ही पर्याप्त नहीं है। व्यक्ति के पास उसका सही इस्तेमाल करने की समझ भी होनी चाहिए। मां लक्ष्मी धन का प्रतीक हैं तो गणेश जी सद्बुद्धि और विवेक का प्रतिनिधित्व करते हैं। दोनों की एक साथ पूजा करने का संदेश है कि जीवन में धन और बुद्धि का संतुलन बना रहना चाहिए। ज्योतिषीय मान्यता के मुताबिक, बिना समझदारी के धन का सही उपयोग करना मुश्किल होता है। अहंकार और गलत फैसलों के कारण व्यक्ति अपनी संपत्ति भी गंवा सकता है। ऐसे में गणेश जी की पूजा के जरिए बुद्धि और विवेक का आशीर्वाद मांगा जाता है, ताकि घर में सुख-समृद्धि बनी रहे।
मां लक्ष्मी ने बनाया पुत्र
एक पौराणिक कथा के अनुसार, एक बार मां लक्ष्मी को अपने ऐश्वर्य और सुंदरता पर अभिमान हो गया। उन्होंने भगवान विष्णु से अपनी पूर्णता के बारे में पूछा। इस पर विष्णु जी ने कहा कि मातृत्व का सुख प्राप्त किए बिना स्त्री पूर्ण नहीं मानी जाती। यह सुनकर मां लक्ष्मी दुखी हुईं और अपनी सखी माता पार्वती के पास पहुंचीं। उन्होंने उनसे एक पुत्र गोद लेने की इच्छा जताई। तब माता पार्वती ने भगवान गणेश को उन्हें पुत्र के रूप में सौंप दिया।
गणेश जी को मिला था वरदान
कथा के अनुसार, इससे प्रसन्न होकर मां लक्ष्मी ने गणेश जी को वरदान दिया कि जहां भी उनकी पूजा होगी, वहां सबसे पहले गणेश जी का पूजन किया जाएगा। तभी से दिवाली पर मां लक्ष्मी के साथ भगवान गणेश की पूजा करने की परंपरा प्रचलित मानी जाती है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. Haryana E Khabar किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है.