रेवाड़ी | दिल्ली से जयपुर जाने वाली ट्रेनों में अक्सर यात्रियों की भीड़ रहती है। वहीं, मौजूदा रेलमार्ग पर यात्री और मालगाड़ियों का दबाव भी लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में रेलवे एक नया रास्ता तैयार करने की योजना बना रहा है, जिससे सफर आसान होने के साथ औद्योगिक क्षेत्रों को भी फायदा मिलेगा। बता दें कि रेलवे रेवाड़ी से राजस्थान की राजधानी जयपुर तक करीब 191 किलोमीटर लंबा नया रेल कॉरिडोर बनाने की तैयारी कर रहा है।

इसका फाइनल लोकेशन सर्वे (FLS) अंतिम चरण में है। सर्वे, डीपीआर और जरूरी मंजूरियां पूरी होने के बाद अगले डेढ़ साल में निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। प्रस्तावित रेलमार्ग रेवाड़ी से शुरू होकर शाहजहांपुर, नीमराणा, बहरोड़, कोटपूतली, पावटा-प्रागपुरा और शाहपुरा होते हुए जयपुर पहुंचेगा।
यात्रा में 1 घंटे की बचत
इस नई रेललाइन से दिल्ली और जयपुर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को करीब एक घंटे तक का समय बचने की उम्मीद है। फिलहाल इस रूट की ज्यादातर ट्रेनें रेवाड़ी-अलवर-बांदीकुई रेलखंड से होकर गुजरती हैं। नया कॉरिडोर बनने से रेलवे को ट्रेनों के संचालन के लिए एक अतिरिक्त रास्ता मिलेगा और मौजूदा रेलमार्ग पर दबाव कम हो सकता है। प्रस्तावित रेललाइन से नीमराणा, बहरोड़ और कोटपूतली जैसे औद्योगिक क्षेत्रों को सीधा रेल संपर्क मिलेगा। इससे कच्चे माल और तैयार उत्पादों की ढुलाई आसान हो सकेगी।
रेलवे बोर्ड से मिलेगी मंजूरी
उद्योगों को सड़क परिवहन पर निर्भरता कम करने का विकल्प मिलेगा। इससे लॉजिस्टिक्स लागत घटाने और व्यापारिक गतिविधियां बढ़ाने में मदद मिल सकती है। फाइनल लोकेशन सर्वे पूरा होने के बाद रेलवे विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार करेगा। इसमें जमीन की जरूरत, निर्माण लागत और तकनीकी पहलुओं का आकलन होगा। इसके बाद प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा। अंतिम मंजूरी और बजट मिलने के बाद निर्माण शुरू हो सकेगा।