चंडीगढ़ | सुखना चो पर बापूधाम- शास्त्री नगर के पास प्रस्तावित हाईलेवल ब्रिज का काम जल्द शुरू होने की उम्मीद है. करीब 16.6 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला यह पुल करीब 500 मीटर लंबा और 27 मीटर चौड़ा होगा. चार लेन वाले पुल पर साइकिल ट्रैक के साथ दोनों तरफ दो- दो मीटर चौड़े फुटपाथ भी बनाए जाएंगे. निर्माण पूरा होने में करीब एक साल लगने की संभावना है.
ब्रिज का काम शुरू होते ही मौजूदा सड़क को बंद किया जाएगा. इससे मनीमाजरा-सैक्टर 26 लिंक पर आवाजाही प्रभावित होगी और बड़ी संख्या में वाहनों को दूसरे रास्तों पर भेजना पड़ेगा. ऐसे में पहले से वाहनों के दबाव वाले मध्य मार्ग पर जाम की समस्या और बढ़ सकती है.
इनपर पड़ेगा असर
इस रूट के बंद होने का असर पंचकूला, मनीमाजरा और आईटी पार्क की तरफ आने-जाने वाले लोगों पर पड़ेगा. पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट, हरियाणा सिविल सचिवालय, सुखना झील और चंडीगढ़ के उत्तरी सैक्टरों की ओर जाने वाले वाहन चालकों को भी वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ेगा. सुखना चो पर बना मौजूदा निचला कॉजवे बारिश के दौरान पानी में डूब जाता है. इसके चलते चंडीगढ़-पंचकूला के बीच संपर्क कई बार बाधित हो जाता है. हाईलेवल ब्रिज बनने के बाद इस रास्ते पर मौसम की स्थिति की परवाह किए बिना आवाजाही संभव हो सकेगी. इसके साथ ही सैक्टर 26 के टी-जंक्शन को भी नए सिरे से विकसित किया जाएगा.
यूटी के मुख्य अभियंता सीबी ओझा ने बताया कि निर्माण शुरू होने से पहले ट्रैफिक पुलिस और संबंधित विभागों के साथ बैठक कर वैकल्पिक ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार किया जाएगा. उन्होंने माना कि लिंक रोड बंद होने के बाद मध्य मार्ग पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ सकता है.
डायवर्जन पर भी विचार
विभाग किशनगढ़ से सुखना चो के किनारे जाने वाली सड़क को वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल करने की संभावना देख रहा है. सैक्टर 26 से ट्रैफिक डायवर्ट करने का विकल्प भी विचाराधीन है. हालांकि गांव से होकर गुजरने वाली संकरी सड़क पर अतिरिक्त वाहनों का दबाव संभालना बड़ी चुनौती हो सकता है. फिलहाल, निर्माण अवधि के लिए अंतिम ट्रैफिक प्लान तैयार नहीं हुआ है. ऐसे में ब्रिज बनने के दौरान रोजाना पंचकूला और चंडीगढ़ के बीच सफर करने वाले लोगों को ट्रैफिक जाम और लंबे रूट की परेशानी झेलनी पड़ सकती है.
