चंडीगढ़ | खाने- पीने के शौकीन लोगों के लिए पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ से एक अच्छी खबर सामने आई है. मनीमाजरा स्थित कलाग्राम में 15 वें राष्ट्रीय शिल्प मेला पूरी धूम धाम से चल रहा है. सुबह से लेकर रात तक लोगों की भीड़ लगी रहती है. देश के कोने- कोने से आए कारीगर लोगों को अपनी स्टॉल के प्रति लुभा रहे है. फर्नीचर, होम डेकोर आइटम, हैंडीक्राफ्ट ज्वेलरी आदि सामान बच्चों से लेकर बड़ों तक का मन मौह रहे है. चंडीगढ़ प्रशासन ने मेले में लोगों के लिए बैठकर खाना खाने की पूरी व्यवस्था की है.
एक ही जगह मिल रहा स्वाद
मेले की खास बात यह है कि यहां एक ही जगह पूरे देश के व्यंजनों का स्वाद चखने को मिल रहा है. यहां लगे फूड आइटम में हरियाणा के गोहाना की मशहूर जलेबी, पूर्वांचल का लिट्टी- चोखा, पंजाब के अमृतसर के गर्म- गर्म स्नैक्स और छोले कुलचे, हिमाचल प्रदेश का मादरा, कोलकता का काठी रोल का स्वाद लोगों को पसंद आ रहा है.
सिक्किम स्टाइल चाइनीज, दिल्ली की चाट, साउथ इंडियन डोसा, राजस्थानी दाल बाटी चूरमा पूरे मेले को अपनी खुशबू से महका रहे है. इतने सारे व्यंजन एक साथ कहीं ओर मिलना मुश्किल है.
सांस्कृतिक कार्यक्रम ने मचाई धूम
मेले में सिर्फ खाना और खरीददारी ही नही, मनोरंजन भी भरपूर है. सुबह से लेकर शाम तक अलग- अलग राज्यों से आए कलाकार लोक नृत्य, लोक गायकी, स्किट और सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर रहे है. शाम होते ही हरियाणा और पंजाब के कलाकारों की म्यूजिकल इवनिंग शुरू हो जाती है. लोग एक हाथ में प्लेट और दूसरे हाथ से ताली बजाते नजर आते है. खाने की खुशबू और मेले की रौनक ठंड के असर को कम करती हुई नजर आई है. चंडीगढ़ का ये 4 दिवसीय मेला सच में रोमांचक है.
