चंडीगढ़ | हरियाणा में किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. सूबे की नायब सैनी सरकार ने ओलावृष्टि और भारी बारिश के चलते क्षतिग्रस्त हुई रबी फसलों के लिए मुआवजा राशि जारी कर दी है. मुख्यमंत्री ने 22,617 लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में 52.14 करोड़ की मुआवजा राशि जारी कर बड़ी राहत दी है.
क्षतिपूर्ति पोर्टल के माध्यम से किया आंकलन
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल के साथ विभाग की आधिकारिक वेबसाइट शुरू करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बताया कि फसल नुकसान का आंकलन ‘क्षतिपूर्ति पोर्टल‘ के माध्यम से एकत्रित आंकड़ों के आधार पर किया गया है.
उन्होंने बताया कि दिसंबर 2024 से मार्च 2025 के बीच विभिन्न अवसरों पर क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला गया था, जिस पर किसानों ने नुकसान दर्ज कराया था. दावों का गहनता से आंकलन और सत्यापन के बाद लगभग 57 हजार 485 एकड़ भूमि मुआवजे के लिए पात्र पाई गई थी, जिनके मालिकों को अब मुआवजा राशि का लाभ मिलेगा.
15 जिलों में मिलेगा मुआवजा
मूल्यांकन में 15 जिलों यमुनानगर, अंबाला, कुरूक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, महेन्द्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात और पलवल को शामिल किया गया था.अन्य जिलों को उनके सत्यापित प्रभावित क्षेत्रों और पंजीकृत किसानों के आधार पर अलग- अलग राशि जारी की गई है.
सीएम ने बताया कि इस मुआवजे का उद्देश्य रबी सीजन के दौरान खराब मौसम के कारण हुए नुकसान से उबरने में किसानों की आर्थिक सहायता करना है.
