चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार की तरफ से चौकीदार और सफाई कर्मचारी के पदों को छोड़कर बोर्डों, निगमों, वैधानिक निकायों तथा सरकारी नियंत्रण वाली अन्य संस्थाओं में ग्रुप डी के सभी खाली पदों को भरने का फैसला लिया गया है. सरकार द्वारा विभिन्न बोर्डो,निगमों और वैधानिक निकाय तथा सरकारी नियंत्रण वाली अन्य संस्थाओं में ग्रुप डी के सभी खाली पदों को भरा जाएगा. इन पदों पर हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के माध्यम से भर्ती होगी.

मुख्य सचिव ने लिखा लेटर
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की तरफ से ग्रुप डी के खाली पदों को भरने के लिए परीक्षा का आयोजन किया जाएगा. परीक्षा के स्कोर के आधार पर मेरिट लिस्ट बनेगी और उम्मीदवारों का चयन होगा. मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सभी प्रशासनिक सचिवों तथा बोर्डों और निगमों के प्रबंध निदेशकों को लेटर लिखकर अपने- अपने विभागों और संबद्ध संस्थाओं में ग्रुप डी के खाली पदों का विस्तृत विवरण भेजने के निर्देश जारी किए हैं.
10 अप्रैल तक भेजनी जानकारी
सभी विभागों को कहा गया है कि वे तय प्रारूप में 10 अप्रैल 2026 तक जरूरी जानकारी उपलब्ध कराएं. मांगी गई जानकारी में स्वीकृत पदों की संख्या, नियमित कर्मचारियों द्वारा भरे गए पद, अनुबंध कर्मचारियों, विशेष तौर से हरियाणा अनुबंध कर्मचारी (सेवा सुरक्षा) अधिनियम, 2024 के तहत आने वाले कर्मचारियों द्वारा भरे गए पद तथा बाकी खाली पदों की कुल संख्या शामिल है.
पत्र में यह भी साफ किया गया है कि निर्धारित समय- सीमा तक जानकारी न मिलने की स्थिति में यह मान लिया जाएगा कि संबंधित संस्था में कोई रिक्त पद मौजूद नहीं है. अगर कोई संस्था जानकारी नहीं भेजती है तो मान लिया जाएगा कि वहां पर कोई भी पद खाली नहीं है.