चंडीगढ़ | हरियाणा की नायब सैनी सरकार ने कर्जदार किसानों और मजदूरों को बड़ी राहत प्रदान की है. बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि हमारी सरकार ने प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पैक्स) की ओर से बकाया कर्ज राशि की समस्या के समाधान के लिए एकमुश्त निपटान योजना का शुभारंभ किया है.
करोड़ों रुपए की कर्ज माफी का तोहफा
सीएम नायब सैनी ने बताया कि इस योजना के तहत प्रदेश के 6 लाख 81 हजार 182 किसानों और मजदूरों का 2,266 करोड़ रुपए का ब्याज माफ किया जाएगा. उन्होंने बताया कि 31 मार्च 2026 तक लागू इस योजना के तहत पैक्स से लोन लेने वाले किसान अपने लोन की मूल राशि समिति के खातों में जमा करवाते हैं, तो उनको ब्याज माफी का लाभ मिलेगा. वर्तमान में पैक्स का कुल 3,400 करोड़ रुपए कर्ज बकाया है.
उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025- 26 का बजट पेश करते हुए उन्होंने बतौर वित्त मंत्री किसानों का पैक्स की तरफ बकाया कर्ज निपटान के लिए योजना लाने की घोषणा की थी. यह योजना उन सभी कर्जदार किसानों के लिए हैं, जिन्होंने फसलों के लिए लोन, काश्तकार कर्ज या दुकानदारी के लिए बैंक से लोन लिया हुआ है, वे इस योजना का लाभ उठा सकते हैं.
मृत किसानों के परिवारों को भी मिलेगा लाभ
इस योजना का लाभ 2.25 लाख मृत किसानों के परिवारों को भी मिलेगा. यदि उनके वारिस मूल राशि जमा करवाते हैं, तो उन्हें भी ब्याज राशि की माफी का लाभ मिलेगा. यह राशि लगभग 900 करोड़ रुपए हैं. इस योजना के तहत, मूल राशि समिति में जमा करने के बाद किसान 1 महीने बाद अपनी जरूरत या फिर अगली फसल के लिए तीन किस्तों में नया कर्ज भी ले सकते हैं.
