चंडीगढ़ | हरियाणा पुलिस की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर है. हरियाणा पुलिस के 5500 पदों पर भर्ती के लिए आगे की प्रक्रिया शुरू होगी. कांस्टेबल के 5500 पदों के लिए तीन लाख युवाओं के शारीरिक माप परीक्षण (पीएमटी) की तैयारी चल रही है.

जी हां, पुलिस कांस्टेबल के 5500 पदों के लिए करीबन 3 लाख युवाओं ने आवेदन किया है. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) द्वारा खेल विभाग को लेटर लिखकर पंचकूला स्टेडियम में दो हॉल रिजर्वे किए हैं. HSSC चेयरमैन हिम्मत सिंह की तरफ से भी सात मार्च से पीएमटी शुरू करने के संकेत दिए गए हैं.
हरियाणा पुलिस के PMT- PST जल्द होंगे शुरू
ऐसे में जो भी युवा हरियाणा पुलिस में शामिल होना चाहते हैं उनके लिए यह एक अच्छी खबर है. भर्ती के लिए आवेदन करने वाले युवा इन दिनों पीएमटी और शारीरिक जांच परीक्षण (पीएसटी) की तैयारियों में लगे हुए हैं. आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह पहले ही साफ कर चुके हैं कि स्पोर्ट्स कोटा के अभ्यर्थियों का पीएमटी व पीएसटी एक साथ आयोजित होगा. अब अध्यक्ष द्वारा खेल विभाग के निदेशक को एक लेटर लिखकर पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में बास्केटबाल तथा वालीबाल हाल को आरक्षित करने को कहा गया है.
अध्यक्ष ने दी जानकारी
इन दोनों हॉल में ही पुलिस कांस्टेबल अभ्यर्थियों के लिए पीएमटी व पीएसटी आयोजित होगा. 1 से 31 मार्च तक बास्केटबाल तथा वालीबाल हाल रिजर्व रहेंगे. आयोग ने इसके लिए खेलकूद विभाग से संयोजक नियुक्त करने की भी मांग की है जिस पर विभाग की तरफ से स्वीकृति दी जा चुकी है. इंटरनेट पर वायरल लेटर पर भी चेयरमैन ने कहा कि यह लेटर पूर्ण रूप से सही है. हिम्मत सिंह ने शनिवार को इंटरनेट मीडिया एक्स पर बताया कि पीएमटी को लेकर एक लेटर वायरल हो रहा है.
HSSC ने लिखा लेटर
पूरे राज्य से अभ्यर्थियों के फोन आ रहे हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पत्र बिल्कुल सही है. आयोग द्वारा बहुत जल्द पीएमटी शुरू किए जाएंगे. तैयारियां अंतिम चरण में हैं. पीएमटी तथा पीएसटी को लेकर आयोग की अधिकारिक वेबसाइट पर विस्तृत सूचना जारी होगी. इसके बाद, अपने अपने क्रम मुताबिक युवा पंचकूला आकर पीएमटी में शामिल हो सकते हैं.